चीन से लौटे तीनों लोगों में नहीं मिला कोरोना
मेरठ। चीन से लौटे तीनों लोगों के सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, यानी उनमें कोरोना वायरस नहीं मिला है। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। दूसरी तरफ, बुधवार को 22 लोगों की निगरानी स्वास्थ्य विभाग ने बंद कर दी है। इन्हें मेरठ आए हुए 28 दिन हो गए थे। ये कोरोना वायरस से पूरी तरह सुरक्षित हैं। अन्य 27 लोगों की निगरानी की जा रही है, जबकि सात लोग स्वास्थ्य विभाग को नहीं मिल सके हैं।
31 दिसंबर 2019 से लेकर एक फरवरी 2020 तक चीन से 79 लोग मेरठ लौटे थे। इनमें से 56 मेरठ और 23 दूसरे जिलों के हैं। मेरठ के 49 लोगों का नाम, पता सत्यापित कर इनसे फार्म भरवाया गया। छह का पता नहीं मिल पाया है। एक व्यक्ति शहर से बाहर है। स्वास्थ्य विभाग ने इनकी निगरानी शुरू की थी। इनमें कारोबारी, छात्र, नौकरीपेशा और सैलानी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम रोजाना सुबह इनकी सेहत की जांच कर रही है। कहीं उन्हें बुखार, जुकाम या गले में इंफेक्शन तो नहीं है। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि बुधवार को 22 लोगों को चीन से आए हुए 28 दिन हो गए हैं, लिहाजा इनकी निगरानी बंद की जा रही है। जिन तीन लोगों के सैंपल लखनऊ केजीएमयू जांच के लिए भेजे गए थे, उनकी रिपोर्ट देर रात आ गई है, तीनों में कोरोना वायरस नहीं मिला है। ये राहत की बात है।
‘मेडिकल में अभी नहीं हो सकती जांच की व्यवस्था’
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बुधवार को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता से कहा कि मेडिकल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में कोरोना वायरस जांच की व्यवस्था हो जाए तो बेहतर है। इस पर प्राचार्य का कहना था कि अभी यह व्यवस्था संभव नहीं है। इसके लिए कई तरह की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती हैं, तब जाकर यह जांच की जा सकती है। सब कुछ सही रहे तो भी सारी प्रक्रियाएं पूरी करने में कई महीने लग जाएंगे। उसके बाद जांच किट का बजट आदि की व्यवस्था करनी पड़ेगी।
स्वाइन फ्लू के दो नए मरीज मिले
एक तरफ कोरोना ने डर फैला रखा है तो दूसरी तरफ स्वाइन फ्लू के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को 62 साल के एक व्यक्ति और 33 साल के युवक को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। वृद्ध बड़ौत का रहने वाला है और युवक मेरठ का। मेडिकल की माइक्रोबायोलॉजी लैब से इस साल अब तक 16 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 11 मेरठ जिले के हैं। इनमें छह की उम्र 60 साल से ज्यादा है और दो बच्चे शामिल हैं। स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक महिला की मौत भी हो चुकी है।