निजामुद्दीन मरकज से बागपत जिले के बड़ौत क्षेत्र में जमात पर निकले सात और जमाती कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जमाती झारखंड, दिल्ली और मथुरा के रहने वाले हैं। इनमें अधिकतर 20 मार्च को जिले में आए थे और अलग-अलग स्थानों पर जमात की। कोरोना के नोडल अधिकारी एडीएम अमित कुमार सिंह ने पुष्टि की है।
बड़ौत के जेएस फार्म हाउस पर जमातियों को क्वारंटीन किया गया है। यहां से सैंपल लेकर मेरठ जांच के लिए भेजे गए थे। फार्म हाउस में ठहरे दो जमाती पूर्व में पॉजिटिव मिले थे। सोमवार की रात मेरठ मेडिकल कॉलेज की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में सात और पॉजिटिव आए हैं। कोरोना के नोडल अधिकारी एवं एडीएम अमित कुमार सिंह ने बताया कि बड़ौत में ठहरे सात जमाती पॉजिटिव पाए गए हैं। यह झारखंड, दिल्ली और मथुरा के रहने वाले हैं। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 14 पर पहुंच गई है, जबकि इनमें एक युवक ठीक होकर अपने घर लौट आया है। इनमें 13 जमाती है।
जिनके संपर्क में आए, वहां चलेगा सर्च अभियान
सात जमातियों के पॉजिटिव आते ही प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। यह ट्रेस कराया जा रहा है कि जमाती किस-किसके संपर्क में आए और कौन-कौन से गांव में रहे थे।
रटौल, औसिक्का पहले ही हॉटस्पॉट
जिले के रटौल और औसिक्का गांव पहले ही हॉटस्पॉट बने हुए हैं। बड़ौत में भी कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए लोगों की तलाश चल रही है।
मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब में सोमवार को मेरठ के 13 सैंपल की जांच हुई, जिसमें तीन कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इनमें एक जमाती है, जो झारखंड का है, उसे सुभारती में क्वारंटीन किया गया था। वह निजामुद्दीन मरकज से आया था, सरधना में रुका था। इसके अलावा दो पूर्वा फैयाज अली के रहने वाले हैं, जो जमातियों के संपर्क वाले हैं। मेरठ में संक्रमितों की कुल संख्या 58 हो गई है। इनमें से एक व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी है, जबकि नौ लोग स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं।
बता दें कि पूर्वा फैयाज अली नया हॉटस्पॉट बन गया है। मेरठ में अब हॉटस्पॉट 18 हो गए हैं। पूर्वा फैयाज अली के प्रभावित इलाके के एक किलोमीटर के दायरे को पुलिस ने सील कर दिया है। इन लोगों के संपर्क वाले लोगों को क्वारंटीन किया जाएगा। उनके सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। जबकि सरधना में जिस इलाके में जमाती रुका था, वह पहले से ही हॉटस्पॉट है। इसके अलावा सुभारती से 14 दिन से क्वारंटीन किए गए 36 लोगों को छुट्टी दे दी गई है। ये सभी उन क्रॉकरी कारोबारी के रिश्तेदार या उनके संपर्क वाले हैं, जिन्हें सबसे पहले मेरठ में कोरोना की पुष्टि हुई थी। इनमें आठ बच्चे और 17 महिलाएं थीं।
जिले में तीन युवक कोरोना पॉजिटिव
बिजनौर जिले में एक ही दिन में कोरोना के तीन पॉजिटिव केस मिले हैं, जबकि दो लोगों को कोरोना होने का संदेह है। तीनों कोरोना पॉजिटिव जमात से जुड़े हैं। पांचों को पुलिस ने अलग- अलग जगह पर क्वांरटीन किया था। कोरोना संक्रमित युवकों के गांवों को सील कर दिया है। संदिग्धों के मोहल्लों को सील करने की तैयारी चल रही है।
स्योहारा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक कुछ दिन पहले दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में हुए जलसे में 13 मार्च को शामिल हुआ था। 16 मार्च को हरदोई भी गया था। वहां से 29 मार्च को बिजनौर पहुंचा। युवक की दूध की डेरी है। कई गांवों और सहसपुर की पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी भी उससे दूध खरीदते थे। सात अप्रैल को पुलिस ने उसे हल्दौर सीएचसी पर क्वारंटीन किया और सैंपल जांच के लिए भेजा। जांच में वह कोरोना संक्रमित मिला है। युवक के गांव को सील कर दिया गया है।
उधर, शामली जनपद में भी सोमवार को कोरोना के पांच पॉजिटिव केस और मिले। देर रात सीएमओ संजय भटनागर ने बताया कि जिले में पांच पॉजिटिव केस और मिले हैं। अब शामली में इन पांच केस को मिलाकर कुल 16 मरीज हो गए हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/