विदेश जाने वाले अब 28 दिन बाद लगवा सकेंगे कोविशिल्ड की बूस्टर डोज़
विदेश जाने वाले अब कोवाक्सिन की तरह ही 28 दिन बाद कोविशिल्ड की बूस्टर डोज़ भी लगवा सकेंगे। हालांकि यह सभी के लिए नहीं है। विदेश जाने वालों को तीन कैटेगिरी में इसकी छूट मिलेगी। अभी तक सभी को 84 दिन बाद बूस्टर डोज़ लग रही थी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम ने बताया कि उन सभी लाभार्थियों को जिन्होंने कोविशिल्ड की पहली डोज ले ली है और विदेश यात्रा पर तीन कारणों से जाना चाहते हैं। ओलंपिक गेम के लिए, अध्ययन के लिए और व्यापारिक क्षेत्र में नौकरी के लिए।
बूस्टर डोज के लिए टीकाकरण 28 दिन पूरे हो जाने के बाद जिला प्रतिरक्षण अधिकारी कार्यालय के नामित नोडल की संस्तुति पर अरबन हेल्थ पोस्ट तहसील पर डॉक्टर अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में यह टीकाकरण किया जाएगा।
अभी तक सभी कोविशिल्ड की दूसरी डोज़ लगवाने के लिए 84 दिन का इंतज़ार करना पड़ रहा था। हालांकि इस कैटेगिरी में न आने वालों और विदेश न जाने वालों को तो अभी भी 84 दिन बाद ही बूस्टर डोज़ लग पाएगी। लेकिन इन तीन कैटेगिरी में विदेश जाने वालों को अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जिन्होंने कोवाक्सिन लगवाई हुई है, वे पहले से ही 28 दिन बाद टीकाकरण करा रहे हैं।