मेरठ। कोरोना के पहले फेज के पांचवें चरण का टीकाकरण बृहस्पतिवार को होगा। 16 जगह पर 32 सत्र लगाए जाएंगे। इस दौरान 3780 कोरोना योद्धाओं का टीकाकरण होगा। पांच फरवरी को 12 सत्रों में 1492 फ्रंट लाइन वर्कर्स और 18 सत्रों 1468 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी।
पांच फरवरी से फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण शुरू होगा। इस दिन पहले स्वास्थ्य कर्मियों के लिए मॉप-अप राउंड होना था, लेकिन अब यह राउंड 15 फरवरी को होगा और उसी दिन पहले चरण के पहले सत्र (16 जनवरी) में प्रतिरक्षित किए गए स्वास्थ्यकर्मियों को कोविड के टीके की दूसरी डोज दी जाएगी। स्वास्थ्यकर्मियों को दी जाने वाली दूसरी डोज के लिए भी कार्यक्रम तय हो गया है। फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण चार राउंड में होगा। इनमें पुलिस, नगर निगम अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी को शामिल किया जाएगा। विभाग ने 30 हजार से ज्यादा का डाटा पोर्टल पर अपलोड कर दिया है।
इन स्थानों पर होगा टीकाकरण
भूड़भराल, कैंट, दौराला, जानी खुर्द, कंकरखेड़ा, खरखौदा, माछरा, मेडिकल कॉलेज, आनंद अस्पताल, लोकप्रिय, रजपुरा, रोहटा, सरूरपुर, सरधना और सुभारती आदि।
जिनके पास नहीं पहुंचा संदेश, उनकी सूची दोबारा अपलोड होगी
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम ने बताया जिन कोरोना योद्धाओं के पास टीकाकरण के लिए संदेश नहीं पहुंचा है, उनकी सूची दोबारा अस्पताल प्रशासन से लेकर पोर्टल में दर्ज की जाएगी।
कोविड वार्ड के लिए आए आवेदन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश मोहन ने बताया अब सरकारी स्तर पर मेडिकल कालेज का कोविड अस्पताल और जिला अस्पताल का आइसोलेशन वार्ड ही सक्रिय रहेगा। जो निजी अस्पतालों में कोविड वार्ड हैं, इनको अभी खत्म नहीं किया जाएगा। इनमें बेड़ संख्या कम होगी। कुछ निजी अस्पतालों के कोविड वार्ड से बेड कम करने के लिए आवेदन आए हैं, इन पर विचार किया जा रहा है।