फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस महकमे में खलबली: दो थानों की हवालात में बंद रहा आरोपी निकला कोरोना पॉजिटिव 

Tue, 14 Apr 2020 02:43 AM IST
अमर उजाला लोकल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
कोरोना वायरस (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : social media
विज्ञापन

मेरठ जनपद के जली कोठी में अधिकारियों पर हमले के आरोपी के कोरोना पॉजिटिव निकलने से हड़कंप मच गया है। जली कोठी से सटे मोहल्ला पूर्वा फैयाज का निवासी यह आरोपी शनिवार को थाना देहली गेट और फिर थाना सदर बाजार की हवालात में बंद रहा था। सोमवार को इस आरोपी के कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट आई तो मोहल्ला पूर्वा फैयाज अली में भी कोरोना का खतरा मंडरा गया है। वहीं, दोनों थानों को सैनिटाइज कराया गया है। फिलहाल एक दरोगा और दो सिपाहियों को क्वारंटीन किया गया है। मोहल्ला पूर्वा फैयाज अली को सील कर दिया गया है।

विज्ञापन


कोरोना वायरस का खतरा अब पुलिस महकमे में भी बढ़ गया है। पुलिस के अनुसार जली कोठी में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद बीते शनिवार को देहली गेट थाना पुलिस और सिटी मजिस्ट्रेट स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ जली कोठी के हॉटस्पॉट इलाके को सील करने पहुंचे थे। जहां पर विरोध में जुटी भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस प्रशासन पर हमला कर दिया था। जिसमें सिटी मजिस्ट्रेट और देहली गेट थाने के दरोगा घायल हो गए थे। पुलिस ने घटना के बाद जली कोठी से आठ आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद सभी को पहले थाना देहली गेट थाने की हवालात में रखा था। उसके बाद इन सभी आरोपियों को अलग-अलग थानों की हवालात में शिफ्ट कराया गया था।  पुलिस के अनुसार इस आरोपी को थाना देहली गेट के बाद सदर बाजार थाने की हवालात में शनिवार रात भर रखा गया था। 

पुलिस के अनुसार आरोपी जली कोठी के हॉटस्पॉट एरिया से गिरफ्तार हुए थे, इसलिए इन सभी की मेडिकल जांच कराई गई थी। जिसकी रिपोर्ट सोमवार को आई तो पूर्वा फैयाज निवासी यही आरोपी कोरोना पॉजिटिव निकला। यह पता लगते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में भी खलबली मच गई। पुलिस ने बताया कि जिस आरोपी युवक को कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है, वह पहले देहली गेट थाना पुलिस की कस्टडी में रहा था। उसके बाद उसे सदर बाजार थाने की हवालात में रखा गया था।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: पश्चिमी यूपी में बढ़ा कोराना का खौफ, 24 घंटे में मिले 42 पॉजिटिव केस, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

विज्ञापन

दोनों थाने कराए सैनिटाइज
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि पूर्वा फैयाज अली के जिन दो लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई है, उनमें से एक को देहली गेट पुलिस ने पकड़ा था। जानकारी में आया कि वह दो थानों की हवालात में रहा इसलिए दोनों थानों को सैनिटाइज कराया गया है।

जली कोठी से पकड़े थे आरोपी
एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि देहली गेट थाने में तैनात दरोगा और दो सिपाहियों को क्वारंटीन किया गया है। इन पुलिसकर्मियों ने ही कोरोना पॉजिटिव समेत आठ आरोपियों को जली कोठी से गिरफ्तार किया था। दोनों थानों की हवालात को भी सैनिटाइज किया गया है।

नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें


https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें