सहारनपुर के चिलकाना की एक मस्जिद में जमाती को कोरोना पॉजिटिव मिलने का बाद से बीती रात से सिस्टम और हरकत में आ गया है। कोरोना पाॅजिटिव ने कितने लोगों से मुलाकात की खुफिया एजेंसियां इसकी जानकारी जुटाने में लगी हैं।
उधर, लखनऊ मस्जिद से मिले सहारनपुर निवासी 12 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें हाई अलर्ट पर हैं। कोरोना सर्विलांस टीमों को और अलर्ट किया गया। अभी 80 से ज्यादा सैंपलों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।
मेरठ में लाॅकडाउन के बीच चार दिन से जरूरतमंदों को निशुल्क राशन का वितरण किया जा रहा है। शनिवार को चौथे दिन राशन की दुकानों पर लाइनें बरकरार हैं। अभी ढाई लाख परिवारों को राशन बंटना बाकी रह गया है।
दिल्ली मुख्यालय के निर्देश पर आज जिले में रेलवे स्टेशन पर पांच आइसोलेशन कोच तैयार हो जाएंगे। लाॅकडाउन के ग्यारहवें दिन पुलिस ने सख्ती बरतते हुए बिना वजह घूम रहे लोगों के चालान किए।
बिजनौर जनपद में दिल्ली मरकज एवं अन्य स्थानों से आए विभिन्न स्थानों के 30 जमातियों को होम क्वारंटीन किया गया है। इनमें से 19 को विवेक कॉलेज और 11 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हल्दौर में चिकित्सकों की निगरानी में क्वारंटीन किया गया। इन सभी के सैंपल जांच के लिए मेरठ भेजे जाएंगे।
जिले में कम राशन बांटने वाले डीलरों पर प्रशासन पूरी तरह सख्त है। लापरवाही बरतने पर डीलरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएंगी। लाॅकडाउन को ग्यारहवें दिन भी सफल बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
पुलिस सड़कों पर अनाउंस कर लोगों को समझा रही है कि यदि किसी ने उल्लंघन का प्रयास किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में कई थाना क्षेत्रों में सीमाओं को सील किया गया है। वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
शामली जनपद के दो जमातियों के आगरा में कोरोना पाॅजिटिव मरीज के परिजनों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया है।
मुज़फ्फरनगर के आसपास के जिलों में कोरोना पॉजिटिव मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि जनपद में अभी कोई व्यक्ति कोरोना पाॅजिटिव नहीं पाया गया है। जिले से भेजे गए 38 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वहीं जमातियों की तलाश कर उनके सैंपल जांच को भेजे जा रहे हैं।