नहीं हुआ कोरोना कर्फ्यू का पालन, दिन-भर खुली दुकानें
मवाना/सरधना। अधिकतर बाजारों में कोरोना कर्फ्यू का सख्ती से पालन नहीं हो रहा है। दुकानदार कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रहे हैं। मवाना में शुक्रवार को पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए नौ व्यापारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, शनिवार को व्यापारियों पर उसका कोई असर नहीं हुआ।
जिलाधिकारी ने केवल किराना, सब्जी, फल व दूध की दुकानों को खोलने की अनुमति दी है। उनके लिए भी समय सीमा निर्धारित की गई है।
उसके बाद भी कुछ दुकान नियमों के विरुद्ध दुकानें खोलकर बिक्री कर रहे है। साथ ही दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया जा रहा है। वहीं दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि सुबह से ही गाड़ी पर माइक लगाकर लगातार एलाउंसमेंट कर दुकानदारों को सचेत किया गया। लेकिन व्यापारियों का पूरा सहयोग नहीं मिल रहा है।
सरधना में कोरोना कर्फ्यू का पालन नहीं हो रहा है। दुकानदारों के लिए दुकान खोलने का समय सुबह 11 बजे तक निश्चित किया गया है। उसके बाद भी लोग प्रशासन के आदेशों को ठेंगा दिखा दिन-भर दुकान खोल रहे हैं। एसडीएम ने मामले में जांच कराकर कार्रवाई की बात कही हैं।
सरधना में कोरोना कर्फ्यू के बीच आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को सुबह आठ बजे से 11 बजे तक खोलने की प्रशासन के द्वारा अनुमति दी गई है, लेकिन नगर में दिन-भर दुकानें खुली रहती है और लोगों की भीड़ उमड़ती रहती है। इस बार प्रशासन भी दुकानदारों पर कार्रवाई करने से बच रहे हैं। इस संबंध में एसडीएम अमित कुमार भारतीय से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है, ऐसे दुकानदारों को चिह्नित कराया जाएगा जो कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन कर दुकानें खोल रहे हैं।
उल्लंघन करने वालों पर चला पुलिस का चाबुक
सरूरपुर। कोरोना के बढ़ते संक्रमण और लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर शनिवार को भी सरूरपुर पुलिस का चाबुक चला। इस दौरान पुलिस ने क्षेत्र के कस्बा हर्रा और खिवाई कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन कर रहे दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घरों से निकलने वाले लोगों पर भी पुलिस ने लाठियां फटकारी। पुलिस को कस्बा हर्रा में ईद की खरीदारी के लिए बाजार में रोजाना भीड़ मिलने की शिकायत मिल रही थी। शनिवार को पुलिस ने कई दुकानदारों की वीडियोग्राफी करते हुए उनके खिलाफ कोरोना कर्फ्यू के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है।