मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र में किला रोड पर एडीजी आवास के पास कई दुकानों के एसी का कॉपर वायर बदमाश चोरी कर ले गए। सुबह व्यापारी अपनी दुकान पर पहुंचे और चोरी का पता चला तो उनमें रोष व्याप्त हो गया। जेल चुंगी पहुंचकर उन्होंने इंचार्ज का घेराव किया। घटना का जल्द खुलासा करने और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की।
भाजपा कार्यकर्ता अरविंद शर्मा के साथ जेल चुंगी चौकी पहुंचे व्यापारियों ने बताया कि किला रोड पर हिरदेश त्यागी की जूते की, सुरजीत सिंह की मोबाइल शॉप, राजीव अग्रवाल की ज्वैलरी, राजेश यादव का फिल्म स्टूडियो है। इन सभी के प्रतिष्ठान के एसी के कॉपर वायर बदमाश चोरी कर ले गए। इसके अलावा अरविंद रस्तोगी के जनरल स्टोर से बैटरी और अरविंद शर्मा के आवास से तार चोरी हो गए।
अरविंद शर्मा ने चौकी प्रभारी देवेंद्र मिश्रा से क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की। चौकी प्रभारी ने व्यापारियों को समझा-बुझाकर शांत किया। इस मौके पर अश्वनी कांबोज, राहुल वर्मा, हर्ष अरोड़ा, देवेंद्र सिंह, हिरदेश त्यागी, राजकुमार बत्रा आदि उपस्थित रहे। सीओ कोतवाली अभिषेक तिवारी ने बताया कि आरोपी को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।