संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द। जानी थाना पुलिस ने पांचली खुर्द में स्थित विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज से एक माह पूर्व भारी मात्रा में कॉपर वायर चोरी करने की घटना के पांच आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का माल, नकदी, दो तमंचे और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। घटना में पकड़े दो आरोपी नाबालिग है।
जानकारी के अनुसार, बागपत रोड के देव पार्क निवासी अंकित नंदन गर्ग ने अपनी फैक्टरी पांचली खुर्द में स्थित विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज में लगाई हुई है। एक माह पहले चोरों ने फैक्टरी से करीब 350 किलो कॉपर वायर चोरी कर लिया था। इसकी प्राथमिकी जानी थाने में दर्ज करवाई गई थी। पुलिस ने बुधवार को घटना के पांच आरोपियों को चोरी की गई 85 किलो कॉपर वायर, एक लाख 80 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें, दो अवैध तमंचे और दो कारतूस, तीन मोबाइल सहित गिरफ्तार किया है।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के नाम दीपक जोगी निवासी मुल्ताननगर थाना टीपी नगर, गुलजार निवासी मलियाना, थाना टीपी नगर और नसीम निवासी पूर्व इस्लामाबाद, थाना लिसाड़ी गेट है। घटना में दो बाल अपचारी भी शामिल है।
-