नकल पर नकेल का असर दिखने लगा है। फेल होने के डर से परीक्षार्थियों ने बड़ी संख्या में हिंदी की परीक्षा छोड़ दी। यह हालात तब हैं, जबकि हिंदी के अलावा किसी बड़े विषय का कोई पेपर भी नहीं हुआ है। परीक्षा छोड़ने वालों की तादाद और बढ़ने की आशंका है।
क्षेत्रीय कार्यालय के तहत आने वाले 17 जिलों से हिंदी की परीक्षा 85053 परीक्षार्थियों ने छोड़ी है। इनमें 49375 परीक्षार्थी हाईस्कूल के हैं, जबकि 35698 परीक्षार्थी इंटरमीडिएट के हैं। इतने बड़े पैमाने पर छात्रों का परीक्षा छोड़ना नकल पर सख्ती माना जा रहा है। सात फरवरी से शुरू हुई परीक्षा में अब तक सारे विषयों के अनुपस्थित परीक्षार्थियों की संख्या इन जिलों में 116072 पहुंच चुकी है। क्षेत्रीय सचिव राणा सह्सत्रांशु कुमार सुमन का कहना है कि नकल रोकने के लिए आवाज रिकॉर्ड करने वाले सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। सचल दल राउंड द क्लॉक छापामारी कर रहा है। शासन सख्त है, जिसका असर दिख रहा है। नकल पर रोक लगने से विद्यार्थियों का ही फायदा है।
---
हिंदी में अनुपस्थित परीक्षार्थी
जिला हाईस्कूल इंटरमीडिएट
आगरा 4872 3801
फिरोजाबाद 4575 2864
मैनपुरी 4007 2863
मथुरा 4190 3315
एटा 3707 2116
अलीगढ़ 7679 6732
हाथरस 3792 2936
कासगंज 3193 2169
बुलंदशहर 1781 965
गाजियाबाद 1659 961
गौतमबुद्धनगर 1290 754
मेरठ 3168 2603
बागपत 690 577
हापुड़ 516 306
मुजफ्फरनगर 1615 1102
सहारनपुर 2024 1271
शामली 617 343
---
वेबसाइट पर मिलेगा नकलचियों का ब्यौरा
परीक्षा में अनुपस्थित और नकलचियों का ब्यौरा बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। परीक्षा में अनुपस्थित रहे (एए) और नकल में पकड़े गए (यूएफएम) परीक्षार्थियों के अनुक्रमांकों एवं विषयों को वेबसाइट पर अपलोड कराया जाएगा। यूपी बोर्ड के क्षेत्रीय सचिव ने बताया कि अभी अधिकांश परीक्षा केंद्रों से यह अपलोड नहीं किया जा रहा है। उन्हें इस संबंध में निर्देशित कर दिया गया है।
---
15 नकलची पकड़े
क्षेत्रीय कार्यालय के तहत आने वाले 17 जिलों में बुधवार को 15 परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए हैं। इनमें पांच आगरा में, एक मैनपुरी में, तीन मथुरा में, पांच अलीगढ़ में एक सहारनपुर में पकड़ा गया है।
मेरठ में 949 छात्राओं ने छोड़ी गृह विज्ञान की परीक्षा
मेरठ। बुधवार को 949 छात्राओं ने गृह विज्ञान की परीक्षा छोड़ी। प्रथम पाली में हाईस्कूल का गृह विज्ञान का पेपर था। इसमें दो छात्र पंजीकृत थे, दोनों ने परीक्षा दी। इनके अलावा 13777 छात्राएं पंजीकृत थीं। जिनमें से 949 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, इंटरमीडिएट में औद्योगिक संगठन वाणिज्य कर वर्ग में एक परीक्षार्थी पंजीकृत था, उसने भी यह परीक्षा छोड़ दी। जिला विद्यालय निरीक्षक का कहना है कि नकल पर नकेल की वजह से विद्यार्थी परीक्षा देने से कतरा रहे हैं।
दोनों पालियों में कराएं परीक्षा
मेरठ। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के दृष्टिगत निर्देश जारी किए हैं कि जो प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी दे रहे हैं, वह दोनों पालियों में परीक्षा कराएं। सूचना मिल रही है कि यह कक्ष निरीक्षक एक ही पाली में परीक्षा करा रहे हैं। ऐसे कक्ष निरीक्षकों की अनुपस्थिति दर्ज कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।