अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। लक्ष्मी देवी आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के चौथे दिन बुधवार को महिला एवं बाल स्वास्थ्य को लेकर छात्राओं को जानकारी दी गई।
प्राचार्या डॉ. शक्ति साहनी एवं कार्यक्रम अधिकारी सरोज चौहान के नेतृत्व में शिविर मुख्यालय पूरनदास कन्या जूनियर हाईस्कूल में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। छात्राओं ने महिला एवं बाल स्वास्थ्य पर पोस्टर एवं स्लोगन बनाए। इसके बाद नुक्कड़ नाटक के जरिए महिला एवं बाल स्वास्थ्य की जानकारी दी। शिविर के द्वितीय सत्र में महिला अधिकार व महिला स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में मुख्य अतिथि एसीएमओ डॉ. प्रवीण गौतम ने छात्राओं को महिला अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या रोकना आवश्यक क्यों विषय पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने छात्राओं द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासा को शांत किया। प्राचार्या डॉ. शक्ति साहनी ने कहा कि आज नारी कमजोर नहीं है। वह स्वयं को जान रही है तथा पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। यहां बीनू, नीलम, संगीता, मानसी, काजल, आरती आदि का विशेष सहयोग रहा।