कोतवाली देहात। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास नाला निर्माण करा रहे अमरोहा निवासी ठेकेदार की एचटी लाइन के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। ठेकेदार लाेहे का गाटर उठाकर श्रमिकों को दे रहा था, तभी वह खंभे से छू गया। सूचना पर मृतक के परिजन कोतवाली देहात पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
कस्बा कोतवाली देहात में ओवरब्रिज के साथ ही नाले का भी निर्माण चल रहा है। नाला निर्माण का ठेका जनपद अमरोहा के थाना रेहरा क्षेत्र के गांव जेबड़ा गुर्जर निवासी अनिल कुमार (40) पुत्र सुक्खा पर है। सोमवार को बिजनौर मार्ग पर मंडी समिति के पास श्रमिक अमरोहा के थाना रेहरा क्षेत्र के गांव नहरपुर निवासी किशन, जगपाल, किशन पाल सिंह व संदीप कुमार, गांव गंगनहर निवासी राजू, गांव पतेथी खादर निवासी महेश कुमार नाला निर्माण का कार्य कर रहे थे। दोपहर लगभग 12 बजे ठेकेदार अनिल भी मौके पर पहुंचा गया। वह लेबर को लोहे का गाटर उठाकर देने लगा। गाटर उठाते समय एचटी लाइन के लोहे के खंभे से छू गया। इससे अनिल का शरीर एंठने लगा। काम कर रहे श्रमिकों को लगा कि उसे दौरा पड़ा है। अनिल को पकड़ने पर एक मजदूर को जब करंट लगा तो उन्होंने प्लास्टिक के जूते से गाटर को हटाया। मौके पर काम कर रहे राजू, महेश, संदीप आदि बेहोशी की हालत में ठेकेदार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली देहात लेकर आए। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर थानाध्यक्ष कोतवाली देहात प्रवेज तोमर मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन कोतवाली देहात आ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को रोते-बिलखते छोड़ है। देर शाम तक मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।