तीन महीने से वेतन न मिलने, 12 घंटे काम कराने समेत कई आरोप लगाका ज्ञापन सौपा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। विद्युत निगम में मेरठ मंडल में कार्य कर रहे संविदा कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है। इसके विरोध में कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को कमिश्नरी कार्यालय पर हाथ में कटोरा लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन भी कमिश्नर कार्यालय में अधिकारियों को सौंपा।
संविदा कर्मचारी भूपेंद्र ने बताया कि यूपीसीएल के तहत एक निजी कंपनी पर संविदा कर्मचारियों को ठेके पर रखा जाता है। कंपनी ने तीन महीने से वेतन नहीं दिया गया है, जबकि कर्मचारी धूप, गर्मी, बारिश में दिन-रात कार्य कर रहे हैं। कर्मचारियों से 8 घंटे की जगह 12 घंटे काम लिया जा रहा है। सुरक्षा को लेकर कोई व्यवस्था नहीं है। वेतन मांगने पर सुपरवाइजर की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को एक ज्ञापन देकर बकाया वेतन दिलाने की मांग की। उन्होंने लाइनमैन कर्मियों का शोषण बंद किए जाने, ठेकेदारी प्रथा में पारदर्शिता लाने, कर्मचारियों के साथ कोई दुर्घटना होने पर उसका खर्च कंपनी के द्वारा वहन किए जाने आदि मांगों को रखा। कर्मचारियों ने कहा कि अगर उनकी मांगों को जल्द जल्द से पूरा नहीं किया गया तो संविदा कर्मचारियों की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान राजेश, सनी, आमिर, संजय आदि संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।