- उल्टी दस्त के मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया निरीक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। बड़ा बाजार रजबन क्षेत्र में उल्टी-दस्त के मरीज मिलने के बाद मंगलवार को पब्लिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. रक्षित ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि रजबन क्षेत्र में जलापूर्ति कैंट बोर्ड के माध्यम से होती है। कई स्थानों पर पानी की पाइपलाइन नालियों से होकर गुजर रही है। इससे पेयजल दूषित होने और बीमारियों की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पाइपलाइन करीब 30 साल पुरानी है और वर्षों से इसकी मरम्मत नहीं हुई। डॉ. रक्षित ने नगरीय स्वास्थ्य केंद्र रजबन प्रभारी चिकित्साधिकारी को प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाने और आशा कार्यकर्ताओं से घर-घर सर्वे कराए जाने का आग्रह किया। चिकित्साधिकारी ने शिविर लगाने का आश्वासन दिया। स्थानीय नलों से पानी के नमूने लेकर एलएलआर मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब में जांच के लिए भेजे जाएंगे।
टीम ने लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और पानी उबालकर पीने की सलाह दी। क्षेत्र की पाइपलाइन की मरम्मत और सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया ने कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिशासी अधिकारी को पत्र लिखा है। सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया ने बताया कि जसवंत राय अस्पताल में भर्ती चार मरीजों में से दो को डिस्चार्ज कर दिया गया है जबकि बाकी दो को बुधवार को छुट्टी कर दी जाएगी। मरीजों की हालत फिलहाल सामान्य बताई गई है।