मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से सभी 14 जिलों में मेगा कैंप लगाकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं जा रही हैं। प्रबंध निदेशक पीवीवीएनएल ईशा दुहन के निर्देश पर बृहस्पतिवार को भी यहां विवि उपकेंद्र में कैंप लगाया गया। इस दौरान 70 से अधिक उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं गईं। बढ़े बिलों को ठीक कराया गया।
वहीं, पिछले दो दिनों में सभी 14 जिलों में 4622 शिकायत प्राप्त हुईं। इनमें से 3964 का निस्तारण मौके पर कर दिया गया, शेष शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान प्रबंध निदेशक ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वह अधिक से अधिक संख्या में कैम्प में भाग लें और अपनी समस्या का समाधान कराएं। अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता विद्युत हेल्प लाइन नंबर 1912 या अपने नजदीक के उपखंड कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। संवाद