- मेरठ, गाजियाबाद समेत कई इलाकों से आई 16 शिकायतें
- तीन शिकायतों का एमडी ने मौके पर ही कराया निस्तारण
संवाद न्यूज एजेंसीमेरठ। एमडी पीवीवीएनएल ईशा दुहन ने पश्चिमांचल के 14 जिलों के उपभोक्ताओं की बिजली संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अभियान शुरू किया है। प्रत्येक मंगलवार को संभव कार्यक्रम के तहत विद्युत उपभोक्ता सेवा शिविर लगाया गया। प्रथम जनसुनवाई में मेरठ, गाजियाबाद समेत विभिन्न जिलों से आए उपभोक्ताओं की 16 शिकायतें दर्ज हुई। इनमें से एमडी ईशा दुहन ने तीन समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया। उपभोक्ताओं को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधे भी भेंट किए गए। इस दौरान लाइनमैन के संवाद किया और उन्हें सुरक्षा किट वितरित की।
जनसुनवाई में संजय नगर मेरठ के उपभोक्ता अंकित के पुराने मीटर में सप्लाई न आने की शिकायत की। जिस पर एमडी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्र के लाइनमैन को जनसुनवाई में बुलाकर उपभोक्ता के साथ मौके पर भेजा और मीटर में आई त्रुटि को ठीक कराया। उपभोक्ता नूर अहमद शास्त्रीनगर के परिसर पर लाइनमैन को भेजकर चैक मीटर स्थापित कराया गया। उपभोक्ता विशाल अग्रवाल लक्ष्मी विहार ने लो वोल्टेज की शिकायत की तो जेई को भेजकर समस्या का समाधान कराया।
जनसुनवाई के बाद एमडी एवं अन्य बिजली अफसरों ने बिजली लाइनमैन सुनील कुमार, विक्की कुमार, लोकेश कुमार, नरेंद्र कुमार और कुशल पाल को सुरक्षा किट वितरित की। एमडी ने कहा कि लाइन पर कार्य करने के दौरान लाइनमैन सुरक्षा उपकरणों का कार्य स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करेंगे। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक पेड़ मां के नाम के संदेश के तहत एमडी ने उपभोक्ताओं को एक-एक पौधा भी प्रदान किया गया। एमडी ने कहा कि डिस्कॉम का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है। प्रत्येक मंगलवार को उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए ऊर्जा भवन में नियमित जनसुनवाई का आयोजन किया जाता रहेगा।
जनसुनवाई में एमडी ईशा दुहन के साथ निदेशक वाणिज्य संजय जैन, निदेशक तकनीकी एनके मिश्र, निदेशक वित्त स्वतंत्र कुमार तोमर, निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन आशु कालिया, मुख्य अभियंता मुनीष चौपड़ा, गुरजीत सिंह, अधीक्षण अभियंता महेश कुमार, अभिषेक सिंह, अनुराग भल्ला, स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह, अधिशासी अभियंता वीके सिंह, प्रशांत सोनी, रवि कुमार, एपीआरओ एचके सिंह रहे।