उपभोक्ताओं को नहीं मिल रही सरचार्ज माफी की छूट
बहसूमा। एक मुश्त समाधान योजना के तहत होने वाले पंजीकरण को बिजली विभाग के कर्मचारी 12 मार्च तक बताकर उपभोक्ताओं को सरचार्ज माफी की छूट का लाभ नहीं दे रहे है। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक मुश्त योजना के तहत सरकार ने घरेलू और ट्यूबवेल के बिलों पर सरचार्ज माफी देकर उपभोक्ताओं को राहत दी थी। इसके लिए उपभोक्ताओं को 15 मार्च तक पूरे बिल का 30 प्रतिशत जमा कर पंजीकरण कराना होगा और साथ ही 31 मार्च तक पूरा बिल जमा करने पर उसे सरचार्ज में छूट का लाभ मिलेगा। लेकिन बहसूमा क्षेत्र के बिजली विभाग कर्मचारी पंजीकरण की तिथि को 12 मार्च तक बताकर उपभोक्ता से पूरा बिल जमा करा रहे हैं। किसान मांगेराम, राजेंद्र सिंह, विरेंद्र गुर्जर व शीशपाल ने बताया कि शनिवार को जब वह बिजलीघर पर बिल जमा करने गए तो टीजीटु अतुल आनंद ने सरचार्ज छूट माफी को अब खत्म होना बताया। साथ ही पूरा बिल जमा करने की बात कही।
इस संबंध में जेई राजेंद्र सिंह का कहना है कि सिस्टम ने बीते दो दिनों से सरचार्ज के रूप में मिलने वाली छूट में तकनीकी समस्या आ रही है। मवाना एक्सईएन प्रवीण कुमार का कहना है कि कुछ बिलों के सरचार्ज का प्रकरण मेरे संज्ञान में आया है। उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत कराया है। ऐसे उपभोक्ता कार्यालय में आकर समस्या का निस्तारण करा सकते हैं। सरचार्ज माफी के लिए पंजीकरण की तिथि 15 मार्च है।