- कसेरुखेड़ा, डिफेंस कॉलोनी और गंगानगर कट बंद करने का विरोध कर रहे थे व्यापारी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। लंबे समय से चल रहे विवाद और विरोध के कारण अटके मवाना रोड के विकास कार्य ने अब कुछ रफ्तार पकड़ी है। कमिश्नर आवास चौराहे से यशोदा कुंज तक सड़क पर बने अवैध कट बंद कर दिए गए हैं। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सड़क चौड़ीकरण, नाले के निर्माण और डिवाइडर बनाने का कार्य भी तेज़ी से शुरू करा दिया है।
इस मार्ग पर कसेरुखेड़ा, डिफेंस कॉलोनी और गंगानगर मेन रोड के सामने कट बने हुए थे। इनके कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ था। कई बार इन कटों को बंद करने का प्रयास किया गया लेकिन स्थानीय लोग और व्यापारियों के विरोध के कारण कार्य बार-बार बाधित होता रहा। व्यापारियों ने डीएम और कमिश्नर को ज्ञापन दिया कि कारोबार प्रभावित हो जाएगा। इसके बावजूद पीडब्ल्यूडी ने सख्त रुख अपनाते हुए इन कट को अवैध बताकर अब बंद कर दिया है।
डीएम डॉ. वीके सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क चौड़ीकरण के साथ आधुनिक जल निकासी व्यवस्था के लिए नाले का निर्माण भी कराया जा रहा है। सड़क के बीच डिवाइडर तेजी से बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, लोगों का कहना है कि मवाना रोड शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। निर्माण कार्य के दौरान कुछ स्थानों पर यातायात प्रभावित हो सकता है लेकिन अधिकारियों का कहना है कि यह अस्थायी असुविधा भविष्य में बेहतर सड़क, सुरक्षित यातायात और सुचारु जल निकासी व्यवस्था के रूप में लोगों को स्थायी लाभ देगी।