नगर पंचायत द्वारा बनाया जा रहा एसएलआरएम केंद्र स्रोत संवाद
गीले कचरे का आसानी से होगा निपटान, सेंटर में ही बनेगी कंपोस्ट खाद
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। नगर पंचायत द्वारा कस्बे में स्वच्छ भारत मिशन योजना के अंतर्गत करीब 50 लाख रुपये की लागत के बनाए जाने वाले एसएलआरएम केंद्र का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब एक सप्ताह पूर्व नगर पंचायत की चेयरपर्सन सुधा खटीक ने कस्बे के लोगों के साथ पूजा-अर्चना कर इसका उद्घाटन किया था।
नगर में एसएलआरएम केंद्र बनने से कस्बे के लोगों को लाभ मिलेगा। नगर पंचायत द्वारा कस्बे के जल कल परिसर में स्वच्छ भारत मिशन योजना के अंतर्गत एसएलआरएम सेंटर का निर्माण कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। चेयरपर्सन सुधा खटीक ने बताया कि कस्बे के लोगों को इसका लाभ होगा। नगर में चल रहे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के तहत लोगों के घरों से निकलने वाले गीले व सूखे कचरे से अब कस्बे के एसएलआरएम केंद्र में बगैर मशीन के कंपोस्ट खाद बनाने का काम शुरू किया जाएगा। टैंक बनाकर हर रोज एकत्रित गीले कचरे को सीधे टैंक में भरकर नई तकनीक से कंपोस्ट खाद तैयार की जाएगी।
केंद्र की क्षमता के अनुसार यहां एक माह का गीला कचरा खपत किया जा सकता है। इस केंद्र का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यहां टैंक बनाने की तैयारी है। ऐसे में अब गीले कचरे को आसानी से सेंटर में ही निपटान का जरिया मिल जाएगा। एक माह के भीतर तैयार हो जाने वाले इस कंपोस्ट की बिक्री से कचरा प्रबंधन कार्य में लगी महिलाओं को आय का नया जरिया मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया से पर्यावरण को भी प्रदूषण से बचाया जा सकेगा। इस केंद्र का निर्माण नगर पंचायत के जेई की निगरानी में किया जा रहा है। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा होगा।