दूसरे पक्ष ने भी एसडीएम को पत्र देकर पैमाइश कराने की मांग की
मवाना। गन्ना समिति सचिव ने गन्ना समिति की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर दीवार का निर्माण कराने के मामले में दो लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से गजराज सिंह ने एसडीएम को पत्र देकर पैमाइश कराए जाने की मांग की है
गन्ना समिति सचिव विक्रम बहादुर सिंह ने तहरीर में बताया कि रविवार की रात 8:00 बजे ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक के आवास के पीछे स्थित गन्ना समिति की भूमि पर दो नामजद व 25-30 अज्ञात के साथ दीवार खड़ी कर रहे थे। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से हो रहे निर्माण को रुकवाया। तहरीर में दोनों आरोपियों के खिलाफ समिति की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने एवं हड़पने के प्रयास का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दूसरे पक्ष की ओर से ढिकौली काॅलोनी निवासी गजराज सिंह ने एसडीएम को पत्र देकर कहा कि उसके भवन में एक दुकान व कमरा बना हुआ है। वह लगभग 40 साल से नगर पालिका को गृहकर जलकर अदा करता आ रहा है। इसे पिता व चाचा ने 1956 में क्रय किया था। 22 फरवरी 2025 को गन्ना समिति सचिव ने बिना सूचना के बदनीयती से बिस्मार करा दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। जब पुन: भवन निर्माण करा रहे थे तो गन्ना समिति सचिव ने पुलिस बुलाकर निर्माण रुकवा दिया।