मेरठ। लिंक रोड में आड़े आ रही आशीर्वाद नर्सिंग होम की भूमि का विवाद खत्म होते ही सड़क के अधूरे पड़े कार्य को भी पूरा करने की तैयारी शुरू हो गई है। सड़क बनाने के लिए निर्माण सामग्री आ गई है। दीपावली के बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू होगा। दावा किया जा रहा है कि एक नवंबर को लिंक रोड की काली सड़क जनता को सौंप दी जाएगी।
एक दिन पहले शुक्रवार को मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा आशीर्वाद नर्सिंग होम के मालिक को भूमि अधिग्रहण राशि का चेक सौंपा था। उस समय एमडीए के अधिकारी व डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने दावा किया था कि अब जनता को एक नवंबर को लिंक रोड सौंप दिया जाएगा। अगले माह से दर्जनों कालोनियों की जनता को प्रतिदिन सिटी रेलवे स्टेशन व सैन्य क्षेत्र की तरफ जाने आने के लिए काफी राहत होने वाली है। इसको लेकर एक लंबे समय से लोगों ने आंदोलन चलाया हुआ था।
चार माह पहले एमडीए ने लिंक रोड के लगभग 80 प्रतिशत हिस्से पर निर्माण कार्य पूरा कर दिया था। केवल सड़क के दोनों सिरे यानी बागपत रोड और रेलवे रोड पर शिव मंदिर के पास सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। जहां बागपत रोड पर लिंक रोड के हिस्से से पक्के निर्माण हटाए जा रहे हैं, वहीं रेलवे रोड की तरफ खुलने वाले लिंक रोड के अधूरे हिस्से को बनाने के लिए निर्माण सामग्री आनी शुरू हो गई है। जिसको सड़क निर्माण में इस्तेमाल किया जाना है।