फाल्ट के बहाने लगातार हो रही बिजली कटौती
मेरठ। एनजीटी ने दिल्ली समेत एनसीआर में ग्रैप लागू होने के बाद चौबीस घंटे बिजली आपूर्ति के आदेश दिए हैं। इसके बाद डिस्काम के एमडी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने भी सभी जोन के मुख्य अभियंताओं को इसका अनुपालन कराने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके अधीनस्थ अधिकारी इसका अनुपालन नहीं कर आदेशों को ठेंगा दिखा रहे हैं और लोग मजबूर हैं। यह हालात तब हैं, जब त्योहार का सीजन चल रहा है और सर्दी की मौसम शुरू हो गया है।
रविवार को करीब एक दर्जन बिजलीघर क्षेत्रों में फाल्ट के चलते बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। लिसाड़ी गेट, विकासपुरी, शारदा रोड, बिजली बंबा बाईपास, नौचंदी, टाउन हॉल, पुराना आरटीओ, काजीपुर, लेडीज पार्क, रेलवे रोड, एमईएस और रामलीला ग्राउंड आदि बिजलीघर क्षेत्रों में सुबह से रात तक बिजली की आवाजाही जारी रही। शिकायतें करने वालों को संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
ये हाल तब रहा जब शहर में 14 सब डिवीजन पर उपभोक्ता समस्या समाधान शिविर लगे हुए थे और उनमें आधीक्षण अभियंतां से लेकर अधिशासी अभियंता तक बैठे हुए थे। एल ब्लॉक शास्त्री नगर में तो एमडी भी निरीक्षण करने गए थे। लोगों का कहना है कि ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जब बिजली आपूर्ति प्रभावित न होती हो। सूचना देने के बाद भी देरी से फाल्ट ठीक होने की भी शिकायत मिल रही है।
अधीक्षण अभियंता शहर एके सिंह मानते हैं कि फाल्ट होने की स्थिति में बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है। इसे भी दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है।