घरेलू कलह के चलते पुलिस लाइन में सिपाही ने गर्भवती पत्नी महिला सिपाही की बिजली की वायर से गला घोंटकर और पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद सिपाही ने खुद भी पंखे पर लटककर जान दे दी।
सुसाइड नोट में मौत का जिम्मेदार महिला सिपाही के जीजा और मौसा-मौसी को बताया गया है। सीओ ओमपाल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि जांच बैठा दी गई है।
सहारनपुर के न्यू गोपालनगर निवासी महिला सिपाही ज्योति रूहेला पुत्री स्वर्गीय सुरेंद्र कुमार इन दिनों बागपत की आरटीआई सेल में तैनात थी। उसका पति सिपाही वीरेंद्र रूहेला पुत्र राजाराम, भावा रसूलपुर बरेली इन दिनों लखनऊ में तैनात था।
दंपति पुलिस लाइन बागपत की तीसरे फ्लोर पर रह रहे थे। सीओ ओमपाल सिंह ने बताया कि आरआई को सूचना मिली थी, जिसके बाद करीब आठ बजे पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा तोड़ा गया।
बेड के बगल में महिला सिपाही की लाश पड़ी थी, जिसके गले में पानी गर्म करने की रॉड की वायर थी। इसके अलावा कई जगह पीटे जाने के निशान मिले हैं। बगल में ही पंखे पर सिपाही वीरेंद्र का शव लटका था। दोनों के शव उतरवाकर परिजनों को सूचना दी गई और प्रकरण की छानबीन की जा रही है।
महिला सिपाही के हाथ पीछे की तरफ बंधे हुए थे। सीओ ने बताया कि मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें वीरेंद्र ने मौत की वजह अपनी पत्नी के जीजा और मौसा-मौसी को बताया है। इसकी जांच की जा रही है। पिछले वर्ष नवंबर में ही दोनों की शादी हुई थी।