मेडिकल थाना क्षेत्र में युवती से छेड़छाड़ के आरोपी पुलिस गिरफ्त में। स्रोत पुलिस
एक युवती को नौकरी का झांसा देकर कार में दो परीक्षितगढ़ के जीशान और हुमायूंनगर के शावेज ने छेड़छाड़ की। युवती को साजिश रचकर आरोपियों के साथ भेजने वाले कथित कार्यकर्ता नकुल ने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया। उसने युवती के बेहोश होने पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को सूचना दे दी। कार्यकर्ताओं की शिकायत पर पुलिस ने जांच की तो ब्लैकमेलिंग कर दस लाख रुपये वसूलने की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मूलरूप से बुलंदशहर की रहने वाली एक युवती मेरठ में रह रही है। उसने मेडिकल थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह नौकरी की तलाश में है। उसके परिचित भोपाल विहार निवासी नकुल ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। नकुल खुद को एक हिंदू संगठन का कार्यकर्ता बताता है। बृहस्पतिवार को नकुल ने साजिश रचकर युवती के मोबाइल से एक नंबर पर कॉल मिस्ड कॉल की थी। कुछ देर उसी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम जीशान बताया और उसने कहा कि वह नौकरी के संबंध में जल्द कॉल कर जानकारी दे देगा।
शनिवार नकुल युवती के फ़्लैट पर पहुंचा। उसने कहा कि नौकरी के संबंध में बात हो गई है। 10 बजे उसने युवती के मोबाइल से किसी को कॉल की। इसके बाद उसने बात कराई तो दूसरी ओर से जीशान बोल रहा था। उसने कहा कि वह अजय अस्पताल के पास खड़ा है। वहीं आ जाओ, नौकरी दिला दूंगा। युवती वहां पहुंची तो जीशान की वैगन आर कार में शावेज बैठा था। आरोपियों के कहने पर वह उनके साथ कार में बैठ गई। जीशान ने कुछ दूर चलने पर कहा कि उसे कोई सामान लेना है। वे युवती को जंगल के रास्ते में ले गए और छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने लगे। युवती ने चिल्लाकर विरोध किया। तभी वहां नकुल अपने साथी के साथ खड़ा दिखा। उसने युवती को अपनी कार में बैठा लिया।
दस लाख नहीं देने पर दी दुष्कर्म में फंसाने की धमकी
युवती का कहना है कि नकुल ने वहीं पर दोनों आरोपियों को दुष्कर्म में फंसाने की धमकी दी और दस लाख रुपये की मांग की। युवती ने नकुल से कहा कि उसके सिर में दर्द हो रहा है। इसके बाद उसे दवा के बहाने नशीला पदार्थ खिला दिया। इससे युवती बेहोश हो गई। उसे जब होश आया तो वह थाने में थी।
विहिप कार्यकर्ताओं को बुलाकर की कार्रवाई की मांग
आरोपी नकुल ने मुस्लिम युवकों पर युवती से दुष्कर्म का आरोप लगा विहिप कार्यकर्ताओं को कॉल कर बुला लिया। कार्यकर्ताओं ने नकुल की बात पर विश्वास कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस की जांच में खुलासा हो गया। इस मामले में युवती की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।