सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया
- फोटो : अमर उजाला
देश में बढ़ते पेट्रोल व डीजल के दामों को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रदेशव्यापी प्रदर्शन शुरू कर दिया है। मेरठ में भी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्तायों ने कमिश्नरी से लेकर कलक्ट्रेट तक भैंसा बुग्गी में सवार होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विरोधी नारे भी लगाए गए। एससी एसटी प्रकोष्ठ के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष विपिन मनोठिया के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केंद्र और प्रदेश में व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों के माध्यम से सरकार को अल्टीमेटम दिया कि अगर दाम कम नहीं हुए तो बड़ा प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर दीपक सूद, अमित प्रधान आदि मौजूद रहे।
इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कमिश्नरी चौराहे पर कार व बाइक को रस्सी से पैदल खींचकर प्रदर्शन किया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तेल की बढ़ी कीमतों को वापस लेने की मांग की और केंद्र सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए।
यह भी पढ़ें: ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर वायु सेना के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, मचा हड़कंप
जिलाध्यक्ष अवनीश काजला और महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी के नेतृत्व में कमिश्नरी चौराहे पर कार्यकर्ता इकट्ठा हुए थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार व बाइक को रस्सी से खींच कर कमिश्नरी पार्क के चक्कर लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। काजला ने कहा 2013 में केंद्र की यूपीए सरकार द्वारा 50 पैसे तेल के दामों वृद्धि की गई थी, तब नरेंद्र मोदी जनता को गुमराह करते हुए कहते थे कि मेरी सरकार केंद्र में आते ही 35 रुपये लीटर पेट्रोल व 30 रुपये लीटर डीजल देगी। आज जबकि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं तब डीजल के दाम पेट्रोल से भी अधिक हो गए हैं। जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कच्चे तेल के दाम बहुत कम हैं। देश की जनता पिछले तीन माह से लॉकडाउन के चलते आर्थिक रूप से काफी कमजोर हो चुकी है, लेकिन सरकार इन सब बातों से परे जनता का खून चूसने के लिए उतारू है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तेल के दामों में तत्काल कटौती की मांग की।
शहर अध्यक्ष जाहिद अंसारी ने कहा कि सरकार के कुप्रबंधन के कारण कोरोना महामारी के चलते जनता पहले ही परेशान है। उस पर मोदी सरकार पिछले 18 दिनों से पेट्रोल व डीजल के दामों में लगातार वृद्धि करके जनता की कमर तोड़ रही है। पेट्रोल व डीजल के दामों की वृद्धि से हर चीज के दाम बढ़ जाएंगे। इस मौके पर मनिंदर सूद, रोहित राणा, संजय कटारिया, रोबिन नाथ गोलू, मनोज चौहान, आसाराम, नितीश भारद्वाज, महरुदीन चौधरी आदि मौजूद रहे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/