यूपी के मेरठ जिले में ठगी करने के आरोप में सिविल लाइन पुलिस ने कांग्रेस के एससीएसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष तेजपाल पर बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में मंगलवार कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, हाईकमान ने उन्हें पद से हटा दिया है।
पुलिस के अनुसार साल 2013 में ईदगाह कालोनी निवासी जमील पुत्र इदरीश ने डाबका निवासी तेजपाल पर धोखाधड़ी कर आठ लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया था। जमील ने बताया कि तेजपाल ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर बिजली बंबा बाईपास पर उसे जमीन दिखाई। 1800 रुपये प्रति वर्ग गज के हिसाब से सौदा तय हुआ और आठ लाख रुपये बयाने के रूप में उसे दे दिए थे।
रजिस्ट्री के दौरान खुलासा हुआ कि जो कागजात तेजपाल व उसके साथियों ने उपलब्ध कराए, वे जाली हैं। आरोप है कि इसके बाद तेजपाल ने रकम लौटाने से इंकार कर दिया। बाद में न्यायालय के आदेश पर जमील ने तेजपाल व उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। वर्तमान में तेजपाल कांग्रेस के एससी-एसटी विभाग में जिलाध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे थे।