प्रयागराज में लग रहे कुंभ को लेकर मंगलवार को नया रोस्टर जारी किया गया है। पहले जो औद्योगिक इकाइयां 37 दिनों तक अलग-अलग पर्वों पर बंद होनी थीं। अब उनकी अवधि घटाकर 24 दिन कर दी गई है। मेरठ समेत 9 जनपदों के करीब 843 उद्योग अब 24 दिनों तक नए रोस्टर के अनुसार बंद रहेंगे।
विज्ञापन
कुंभ का पहला स्नान 15 जनवरी 2019 मकर संक्रांति का है। जिसको लेकर उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी), सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) और उत्तर प्रदेश शासन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। शुरुआती रोस्टर के अनुसार मेले के दौरान 37 दिनों तक औद्योगिक इकाइयों को बंद करना था। लेकिन अब नया रोस्टर जारी कर औद्योगिक इकाइयों को थोड़ी राहत दी गई है।
खास बात यह है कि औद्योगिक इकाइयों का संचालन इस तरह से बंद किया गया है, जिससे पानी सहायक नदियों के द्वारा गंगा तक न पहुंच सके। इस बार कुंभ मेले के दौरान अगर किसी औद्योगिक इकाई से रंगीन व प्रदूषित उत्प्रवाह बाहर आया तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सीपीसीबी, यूपीपीसीबी और जिला प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से इकाइयों की निगरानी कर रही हैं।
विज्ञापन
ये औद्योगिक इकाईयां
मेरठ 67
बागपत 7
गाजियाबाद/हापुड़ 300
नोएडा/ग्रेटर नोएडा 287
मुजफ्फरनगर/शामली 75
सहारनपुर 50
बिजनौर 57
नया रोस्टर, ऐसे बंद होंगे उद्योग :
पर्व व तिथि -- बंदी की तिथि - मकर संक्रांति 15 जनवरी
बंदी की तिथि - 6,7,8,15 जनवरी
- पौष पूर्णिमा 21 जनवरी
बंदी की तिथि - 12,13,14,21 जनवरी
- माघी पूर्णिमा -19 फरवरी
बंदी की तिथि 10,11,12,19 फरवरी
- महाशिवरात्रि - 4 मार्च 2019
बंदी की तिथि - 23,24,25 फरवरी और 4 मार्च
इन जिलों में बंद रहेंगे उद्योग
सिंचाई विभाग की सूचना के अनुसार बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, नोएडा में गंगा नदी का जल सामान्य प्रवाह की स्थिति में 9 दिन में प्रयागराज पहुंचता है। जिसको लेकर 4 दिन तक उद्योगों को बंद करने का निर्णय लिया गया है।
ये है प्रमुख स्नान की तिथियां
स्नान पर्व तिथि
मकर संक्रांति 15 जनवरी 2019 प्रथम शाही स्नान
पौष पूर्णिमा 21 जनवरी 2019
मौनी अमावस्या 4 फरवरी 2019 द्वितीय शाही स्नान
बसंत पंचमी 10 फरवरी 2019 तृतीय शाही स्नान
माघी पूर्णिमा 19 फरवरी 2019
महाशिवरात्रि 4 मार्च 2019
कहीं भी कर सकती है कमेटी निरीक्षण
कुंभ मेले को लेकर औद्योगिक इकाईयों का जिला स्तरीय अनुश्रवण कमेटी और सीपीसीबी की टीम कहीं भी कर सकती निरीक्षण कर सकती है। अगर किसी औद्योगिक इकाई से रंगीन उत्प्रवाह और जल प्रदूषित मिला या ईटीपी प्लांट बंद मिला तो उस पर कार्रवाई तय है। इसको लेकर पहले ही क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नोटिस भी जारी कर रखे है।
नया रोस्टर जारी हुआ
कुंभ को लेकर औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया जा रहा है, जहां कमी मिल रही है, वहां पर बंदी की कार्रवाई की जा रही है। कुंभ के लिए जो रोस्टर आया था, उसमें पहले 37 दिनों तक उद्योग बंद करने थे। लेकिन अब नए रोस्टर में 24 दिन बंद करने होंगे। अलग-अलग जिलों में अलग -अलग तिथियों में उद्योगों को बंद रखा जाएगा। -आरके त्यागी, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी मेरठ