सरधना/मवाना/किठौर/बहसूमा/जानीखुर्द/मुंडाली(मेरठ)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष आफाक खां का मंगलवार रात सुभारती अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। परिजनाें ने रात में ही उनके शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। वहीं बुधवार को आई उनकी रिपोर्ट में उन्हें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इससे गांव में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके परिजनों को होम क्वारंटीन कर दिया। वहीं पुलिस ने घर के आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया। वहीं मवाना में छह, जानी में सिपाही, किठौर में दो महिला और बहसूमा क्षेत्र के भंडोरा गांव में एक महिला पॉजिटिव मिली।
मढ़ियाई गांव निवासी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आफाक खां (70) की रविवार को बुखार, खांसी के कारण तबीयत ज्यादा खराब हो गई थी। परिजनों ने पहले उन्हें आनंद अस्पताल और फिर सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने उनकी कोरोना की जांच कराने के लिए सैंपल भेज दिया, लेकिन मंगलवार रात उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। बुधवार को वरिष्ठ नेता की कोरोना की रिपोर्ट आई तो वे पॉजिटिव पाए गए। वरिष्ठ नेता के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। बड़े बेटे सबी खां कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश कोआर्डिनेटर हैं। वहीं नेता के निधन पर राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक, महासचिव वीरेंद्र सिंह गुड्डू अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन उत्तर प्रदेश शाहनवाज आलम और पूर्व एमएलसी नसीब पठान ने शोक संदेश भेजकर संवेदना व्यक्त की। जिलाध्यक्ष अवनीश काजला, महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी ने भी शोक व्यक्त किया।
तेजी से बढ़ते मामलों से दहशत
मवाना। मवाना क्षेत्र में बुधवार को छह लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने से लोगों में दहशत है। दो सप्ताह में क्षेत्र में पॉजिटिव मिले लोगों की संख्या 12 हो गई है। सोमवार को सीएचसी पर स्टाफ के 9 लोगों, पुराना बिजलीघर के पास पॉजिटिव मिली महिला के परिवार के 4 लोगों, प्रीतनगर निवासी संक्रमित मिली महिला के 5 सदस्यों, प्रसूता के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर प्राइवेट नर्सिंग होम के स्टाफ के 5 तथा कश्मीर से लौटकर आए एक व्यक्ति सहित शेष गर्भवती महिलाओं के सैंपल जांच भेजे थे।।
बुधवार को आई रिपोर्ट में मवाना खुर्द निवासी कोरोना पॉजिटिव मिली वृद्धा के पुत्र व पौत्र, पुराना बिजलीघर निवासी महिला की बहू और पोती, गांव मटौरा की एक महिला, मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी एक व्यक्ति को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। सीएचसी प्रभारी डॉ. सतीश भास्कर ने बताया कि इन सभी को मेरठ भेज दिया है। मटौरा निवासी महिला के परिवार के सात परिजनों को एलडी कॉलेज में क्वारंटीन किया गया है।
बढ़ला कैथवाड़ा में वृद्ध को संक्रमण की पुष्टि
मुंडाली। मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव बढ़ला कैथवाड़ा में एक वृद्ध को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर 28 परिजनों को होम क्वारंटीन किया। घर के आसपास के इलाके को हॉटस्पॉट घोषित कर पुलिस तैनात कर दी गई। सीएचसी भावनपुर के प्रभारी डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि बीमारी के चलते 85 वर्षीय वृद्ध को मेडिकल में भर्ती कराया गया था। यहां जांच के बाद वे कोरोना पॉजिटिव निकले। क्वारंटीन किए गए परिजनों का 26 जून को सैंपल लिया जाएगा। एसओ मुंडाली रवि चंद्रवाल ने बताया कि पॉजिटिव के घर के आसपास का इलाका सील कर दिया गया है।
सिपाही के पॉजिटिव मिलने पर चौकी बंद की
जानीखुर्द। कई दिन से बुखार और खांसी से परेशान चल रहे सुभारती चौकी पर तैनात एक सिपाही को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद चौकी को बंद कर दिया गया। चौकी और थाने को सैनिटाइज किया गया। सिपाही को श्रीराम कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जानी थाना प्रभारी राजेंद्र त्यागी के अनुसार बृहस्पतिवार को थाने के स्टाफ का कोरोना टेस्ट कराया जाएगा।
कोरोना पॉजीटिव केस मिलने पर गांव के रास्तों को बंद कराती पुलिस।- फोटो : KITHOR
हस्तिनापुर सीएचसी में महिला का सैंपल लेती टीम।- फोटो : MAWANA