अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रिय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद गुलाम नबी आजाद ने कहा कि कांग्रेस का किसी दल से गठबंधन नहीं होगा। विपक्षी गठबंधन को लेकर अफवाह कर रहे हैं। कांग्रेस अपने दम पर यूपी में सरकार बनाएगी। नोटबंदी से परेशान जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। केंद्र सरकार ने देश की 70 साल की उपलब्धियों को मिट्टी में मिला दिया है।
शनिवार को गुलाम नबी बिजनौर जाते समय कुछ समय के लिए कमिश्नरी आवास चौराहे पर रुके। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता 20-25 साल से विपक्षी दलों को झेल रही है। जनता जान चुकी है कि अब केवल उप्र को खुशहाल बनाने के लिए कांग्रेस ही है। उप्र में अभी किसी भी दल से कोई गठबंधन की बात नहीं है। कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी। केंद्र सरकार ने नोटबंदी करके जनता के मुंह से निवाला छीन लिया है। लोगों के हाथों से रोजगार चला गया है। देश की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है। अपने ही रुपये लेेने के लिए पूरे पूरे दिन लाइनों में लगना पड़ रहा है।
कांग्रेसियों ने किया स्वागत
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद गुलाम नबी आजाद, एससी/एसटी आयोग के चेयरमैन पीएल पूनिया, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मीम अफजल, नसीब सिंह का मेरठ में जगह जगह फूल मालाओं से स्वागत किया। सुबह से ही कांग्रेसी मोहिउद्दीनपुर, परतापुर, रिठानी, बिजली बंबा, तेजगढ़ी चौराहा, चौ. चरण सिंह विवि के सामने, कमिश्नरी आवास चौराहा, रक्षापुरम मोड़ पर एकत्र हो गए थे। मोहिउद्दीनपुर में जगदीश शर्मा और अन्य कांग्रेसियों के बीच गुटबाजी नजर आई। स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष विनय प्रधान, महानगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा किशनी, पूर्व विधायक पंडित जयनारायण शर्मा, प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी, जगदीश शर्मा, पंडित सत्यप्रकाश गौतम, चौ. यशपाल सिंह, अनिल प्रमुख, सलीमुद्दीन शाह, अखिल कौशिक, अरुण त्यागी, संजय गोयल, अनस खान, प्रदीप अरोड़ा, रोहित गुर्जर, अवनीश काजला, अनवार कुरैशी, हरकिशन वर्मा, रमेश धींगड़ा, सुमित शर्मा, मोनिंदर सूद, महेंद्र गुर्जर, एनके सिंह, राकेश कुशवाहा, नईम, शम्मी, सपना सोम, डॉ. उमाशंकर मौजूद रहे।