फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ में अतिक्रमण हटाने पर भारी बवाल, पुलिस से छीने हथियार, 200 झुग्गियों में लगी आग

Wed, 06 Mar 2019 05:25 PM IST
कपिल kapil न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
मेरठ पुलिस
विज्ञापन

मेरठ। सदर बाजार थानाक्षेत्र के भूसा मंडी में बुधवार दोपहर भारी बवाल हो गया। अतिक्रमण हटाने को लेकर एक समुदाय के लोग भड़क गए। उग्र भीड़ ने पुलिस को पीटा और दिल्ली रोड पर पथराव कर अराजकता फैला दी। आगजनी हुई जिसमें भूसा मंडी क्षेत्र की करीब 200  झुग्गी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। धमाके के साथ कई सिलिंडर फटने से आग और भयावह हो गई। आग की चपेट में आकर धार्मिक स्थल भी जल गया। भीड़ ने दिल्ली रोड पर रोडवेज बसों और निजी वाहनों में तोड़फोड़ व जमकर लूटपाट की। गनीमत रही कि आम लोगों के संयम से शहर दंगे की आग में जलने से बच गया।

विज्ञापन


एसएसपी नितिन तिवारी के मुताबिक कैंट बोर्ड की टीम और सदर थाना पुलिस भूसा मंडी में इकराम का अवैध रूप से बनाया गया मकान तोड़ने गई थी। कार्रवाई हो चुकी थी। इसी दौरान एक दर्जन महिलाओं ने पुलिस व कैंट बोर्ड की टीम का विरोध किया। पथराव के साथ सदर थाने के फैंटम सिपाही सतेंद्र कुमार से मारपीट कर वायरलेस सेट, मोबाइल और असलहा छीन लिया। इसकी जानकारी लगने पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और सात लोगों को हिरासत में ले लिया। लाठी फटकारकर भीड़ को खदेड़ दिया। उस समय तो मामला शांत हो गया था। लेकिन करीब दस मिनट बाद फिर से भीड़ ने हंगामा करते पुलिस और कैंट बोर्ड की टीम से मारपीट करते पथराव कर दिया।

आरोप लगाया कि पुलिस ने भूसा मंडी स्थित एक धार्मिक स्थल में आग लगा दी। आग एक बार लगी तो फैलती ही चली गई।  देखते ही देखते करीब 200 झुग्गी झोपड़ियां राख हो गईं। यह आग मछेरान तक फैल गई। अराजकता के माहौल के बीच मछेरान से रेलवे रोड चौराहे और घंटाघर तक दुकानों के शटर गिरने लगे। शहर में तरह-तरह की अफवाहें फैल गईं। डीएम और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल स्थिति काबू में की। 

उधर, कैंट बोर्ड के सीईओ प्रसाद चव्हाण की तरफ से नदीम, समर, मुमताज, रहीसुद्दीन निवासी मछेरान समेत 250 लोगों के खिलाफ थाना सदर पर केस दर्ज कराया है। सात लोगों को हिरासत में लिया गया। बताया गया कि हमले में कैंट बोर्ड सुपरवाइजर राजकुमार, मोहन, हीरालाल, एसओ सदर बाजार विजय गुप्ता समेत कई लोगों को चोटें आईं।

दिल्ली रोड पर उतरे बवाली
भूसा मंडी और मछेरान में आगजनी होते ही 200 से ज्यादा बवाली लोग दिल्ली रोड पर उतर गए। महताब सिनेमा से लेकर केसरगंज और रेलवे रोड तक दर्जनों से ज्यादा वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। रोडवेज बसों में तोड़फोड़ करते लोगों से लूटपाट की गई। महिलाओं से भी अभद्रता की गई। लोगों की कारें तथा टेंपो पलट दिए गए। दिल्ली रोड पर करीब एक घंटा तक अराजकता का माहौल रहा। बवालियों के सामने जो भी वाहन आया, उसको निशाना बनाया गया।

इंटरनेट सेवाएं बंद
माहौल को देखते हुए बुधवार रात नौ बजे से गुरुवार सुबह 10 बजे तक डीएम अनिल ढींगरा के आदेश से सभी मोबाइल कंपनियों की इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी गई। 

पूरी तरह से है शांति
स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। जिन लोगों ने भी अराजकता फैलाई है, सभी पर एक्शन होगा। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। पूरी तरह से शांति है। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए ही इंटरनेट सेवाएं बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे तक बंद की गई हैं। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। - अनिल ढींगरा, डीएम

आग भड़कने के बाद शो किया बंद  
महताब सिनेमा और भूसा मंडी इलाके में आग लगने की खबर फैलते ही चारों तरफ अफर-तफरी मच गई। मछेरान के सामने महताब (गोलचा) सिनेमा में उस समय फिल्म चल रही थी। लेकिन आग लगने की खबर पर फिल्म का शो 15 मिनट पहले ही बंद कर दिया। सिनेमा संचालक सतेंद्र ने बताया कि बुधवार को ही नई फिल्म यह कैसा तिकड़म लगाई थी। फिल्म का शो 6 बजे खत्म होता है। लेकिन आग की सूचना पर 6:45 बजे ही शो बंद कर दिया। सभी दर्शकों को सुरक्षित बाहर निकाला और सिनेमाघर भी बंद कर दिया। अभी सप्ताह भर पहले ही सिनेमाघर में यूएफओ तकनीक लाए हैं और आज आग लग गई। अगर आग सिनेमा तक आ जाती तो बड़ा नुकसान होता। 

अफवाहें उड़ीं, लेकिन यथावत होंगी परीक्षा
दोपहर में जैसे ही आग लगने की सूचना फैली इसके साथ तरह-तरह की अफवाहें भी उड़ने लगीं। इस समय सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं। भूसा मंडी के पास वेस्ट एंड रोड पर सीबीएसई के सभी प्रमुख स्कूल हैं। इस रोड पर जीटीबी, एमपीएस, एमपीजीएस, दीवान पब्लिक स्कूल, ऋषभ एकेडमी, आधारशिला पब्लिक स्कूल सभी सीबीएसई बोर्ड के स्कूल हैं। सभी स्कूलों में इस समय दसवीं, बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। लोगों को सोशल मीडिया के जरिए आग की सूचना मिली तो अंदेशा हुआ कि बृहस्पतिवार का पेपर तो निरस्त नहीं हो जाएगा। अभिभावकों के फोन स्कूलों में आने लगे कि बोर्ड का पेपर तो कैंसिल नहीं हो गया। लेकिन कोई पेपर कैंसिल नहीं हुआ। सीबीएसई के एग्जाम सिटी कोआर्डिनेटर एचएम राउत ने बताया कि पेपर निरस्त नहीं है। आईसीएसई बोर्ड में बिजनेस स्टडीज का पेपर होगा। सीबीएसई दसवीं में गणित व बारहवीं में भूगोल व बायोटेक्नालॉजी का पेपर यथावत होगा।
विज्ञापन

कुशलता पूछने को घनघनाने लगे फोन
भूसामंडी से लेकर आसपास के इलाके में आग लगने की खबर तेजी से फैली। लोगों को जैसे ही आग की सूचना मिली लोग आनन-फानन में अपने संबंधियों व रिश्तेदारों की कुशलता पूछने लगे। एक-दूसरे को फोन करके तुरंत घर पहुंचने की हिदायत दी। साथ ही कैंट में रहने वाले परिचितों की कुशलता को तुरंत फोन पर पूछा। 

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें