थाने में शिकायत करने पहुंचे एक पक्ष के लोग
- फोटो : अमर उजाला
प्रेम विवाह को लेकर शनिवार रात रेलवे रोड क्षेत्र में बखेड़ा हो गया। युवती ने धर्म परिवर्तन करने के बाद युवक से मंदिर में शादी की थी। इस बात से युवती के पड़ोसी नाराज थे। रात में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। मारपीट और पथराव में चार लोग घायल हो गए। भाजपा नेताओं ने थाने पहुंचकर एसओ को धमकाकर दो आरोपियों को छुड़ा लिया। मामला यूपी के मेरठ जनपद का है।
पुलिस के अनुसार पूर्वा महावीर रेलवे रोड निवासी एक युवती का प्रेम प्रसंग चल रहा था। मामला दो समुदाय से जुड़ा था। इस पर युवती के परिजनों ने युवती के घर से निकलने पर रोक लगा दी। प्रेमी के साथ गई युवती ने धर्म परिवर्तन कर शादी कर ली। युवती के परिजनों ने अपहरण का केस दर्ज करा दिया। पुलिस ने युवती को बरामद कर कोर्ट में पेश किया। युवती ने खुद को बालिग बताकर धर्म परिवर्तन कर शादी करना और प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई। देर शाम युवती अपने घर आई थी। इस बीच युवक पक्ष के लोगों ने युवती के पिता पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। जिसके बाद दोनों पक्षों में बखेड़ा हो गया। मौके पर पहुंचे एसओ रेलवे रोड इंद्रपाल सिंह ने दोनों पक्षों के दो-दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
वहीं थाने पहुंचे भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा ने युवक पक्ष के दोनों युवकों को छोड़ने के लिए कहा। एसओ ने मना किया तो भाजपाई भड़क गए। हंगामा देखकर पुलिस ने दोनों युवकों को छोड़ दिया। वहीं, युवती पक्ष में युवा सेवा समिति के अध्यक्ष बदर अली भी पहुंच गए और हंगामा कर दिया।
आरोप है कि पुलिस ने भाजपाइयों के दबाव में आरोपी थाने से छोड़ दिए। दूसरे समुदाय के लोगों को पीटा और थाने में बैठा लिया। एसओ ने बताया कि युवती का अपने प्रेमी के साथ रहने पर कोई विवाद नहीं है। आपसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए थे। किसी को दबाव में छोड़ने का आरोप गलत है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/