मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में न्यू इस्लाम नगर लक्खीपुरा में मकान के कब्जे को लेकर दो सगे भाइयों के परिवारों में संघर्ष हो गया। मारपीट के बाद जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ, जिसमें महिला समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचकर पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, गली नंबर-28 न्यू इस्लाम लक्खीपुरा निवासी रियाजुद्दीन ने बताया कि उसका बड़ा भाई नवाजुद्दीन व नवाबुद्दीन उसके 150 गज के मकान में अपना हिस्सा बताकर कब्जा करना चाहता है। रविवार शाम चार बजे नवाबद्दीन अपने बेटों यूनुस, शोएब, रशीद, साजिद, यूनुस के साथ उसके मकान पर पहुंचा और उसके परिवार पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान रियाजुद्दीन उसके बेटे रिहान व समद, बेटी सना और आसमा गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: मिहिर भोज विवाद: सहारनपुर में गुर्जर-राजपूत समाज में तनातनी, सीमाएं सील, अतुल प्रधान की पुलिस से धक्का-मुक्की
वहीं, आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। सीओ कोतवाली अमित कुमार राय का कहना है कि पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें: पुण्यतिथि विशेष: ईमानदारी की मिसाल थे चौधरी चरण सिंह, निधन के समय खाते में थे मात्र 470 रुपये