नोट:- शामली, बागपत, हापुड़ समेत अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ
- कैलाश प्रकाश स्टेडियम में 4.8 किलोमीटर दौड़ के दौरान तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती
- सात अभ्यर्थियों को प्राथमिक इलाज के बाद मिली छुट्टी, दो का उपचार जारी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। कैलाश प्रकाश स्टेडियम में मंगलवार को आयोजित होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक परीक्षा के दौरान दस अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ गई। इनमें से शामली निवासी एक अभ्यर्थी अंकुज मलिक की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। 4.8 किलोमीटर की दौड़ लगाने के दौरान अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ी। सात को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि दो का अभी इलाज चल रहा है।
भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने पहुंचे कुल 1,017 अभ्यर्थियों से अलग-अलग चरण में दौड़ लगवाई जा रही थी। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित 28 मिनट के भीतर 4.8 किलोमीटर की दूरी तय करनी थी। इसी दौरान दस अभ्यर्थियों की स्थिति बिगड़ने लगी।
स्वास्थ्य बिगड़ने पर मैदान में उपस्थित स्वास्थ्य दल ने रोगी वाहन की सहायता से सभी अभ्यर्थियों को तुरंत लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज मेरठ पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान शामली जिले के लिसाड़ निवासी अभ्यर्थी अंकुज मलिक की मृत्यु हो गई। वहीं प्राथमिक इलाज के बाद सात अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया, जबकि दो अन्य अभ्यर्थियों का चिकित्सा महाविद्यालय में उपचार चल रहा है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
-
इनकी बिगड़ी हालात
बागपत जनपद के अग्रवाल मंडी टटीरी निवासी शिवम, अस्फराबाद निवासी शौकीन, सिंघावली निवासी मोनू, शामली जनपद के मानपुर निवासी अर्जुन, शामली के झिंझाना निवासी रितिक, शामली के सलावर निवासी निशु, अंकित, सचिन और गढ़मुक्तेश्वर निवासी तरुण।
नोडल अधिकारी एवं एसपी क्राइम अवनीश कुमार के अनुसार, स्वास्थ्य खराब होते ही सभी अभ्यर्थियों को तुरंत रोगी वाहन से मेरठ मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। प्राथमिक इलाज मिलने पर सभी के स्वास्थ्य में सुधार आ गया था, लेकिन कुछ समय पश्चात अंकुज मलिक की मृत्यु हो गई।