सरधना। तहसील क्षेत्र केे गांव मवीमीरा में स्थित श्मशान भूमि पर अवैध रूप से कटीले तार लगाकर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। इससे न केवल धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं, बल्कि गोवंश और अन्य पशु भी गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर न्याय की मांग की है।
शिकायतकर्ता किशनगीर व धर्मवीरगीर निवासी मवी मीरा ने बताया कि इसी भूमि में वर्षों से उनके समुदाय का श्मशान स्थल स्थित है, जहां पूर्वजों की समाधियां बनी हुई हैं। आरोप है कि विपक्षियों ने इस पवित्र भूमि को चारों ओर से कटीले तार और सीमेंट के खंभों से घेर कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। इस कारण न केवल सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है, बल्कि पशु उस तार में फंसकर घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति जताई तो विपक्षियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायतकर्ताओं ने 2 अगस्त को संपूर्ण समाधान दिवस सरधना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप यह भी है कि हल्का लेखपाल और कानूनगो भी कार्रवाई से बच रहे हैं। प्रार्थी ने मुख्यमंत्री से श्मशान भूमि की पैमाइश कराकर रकबा सुनिश्चित कराने और चारों तरफ लगाए गए अवैध कटीले तारों को तुरंत हटाया जाने मांग की है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने मामले में तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए हैं।