संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। तहसील क्षेत्र के जेवरी गांव में निजी गली में जबरन छज्जा डालने को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। पीड़ित पक्ष ने उप जिलाधिकारी से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी गोर्वधन, सतपाल और ईश्वर ने एसडीएम को दी शिकायत में बताया कि गांव में स्थित उनकी निजी गली की ओर कुछ लोग जबरन छज्जा डालने के साथ-साथ खिड़की लगाने की कोशिश कर रहे हैं। विरोध करने के बावजूद आरोपी अपना कार्य नहीं रोक रहे हैं। पीड़ितों का कहना है कि पूर्व में भी आरोपियों ने छज्जा डालने का प्रयास किया था लेकिन उस समय लिखित समझौता हुआ था कि भविष्य में इस तरह का कोई निर्माण नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद अब दोबारा छज्जा डालने की कोशिश की जा रही है। इससे विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।