पॉजिटिव-नेगेटिव में उलझी प्रसूता की रिपोर्ट, किस पर करें यकीन
मोदीपुरम। एक प्रसूता की कोरोना जांच रिपोर्ट निजी लैब में पॉजिटिव आने और मेडिकल कॉलेज की लैब में नेगेटिव आने से सवाल पैदा हो गया है कि किसकी जांच रिपोर्ट पर यकीन किया जाए। हालांकि रिपोर्ट नेगेटिव आने पर महिला से लेकर निजी अस्पताल के स्टाफ ने राहत की सांस ली है।
पल्लवपुरम फेज वन स्थित उदय पॉली क्लिनिक में महिला को प्रसव के लिए लगभग सप्ताह पहले भर्ती कराया गया था। प्रसव से पहले महिला का सैंपल कोरोना जांच के लिए निजी लैब भेजा गया था। प्रसव के बाद आई रिपोर्ट में महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल के एक कमरे को सील कर दिया था। वहीं, महिला का प्रसव कराने वाले चिकित्सक व स्टाफ ने भी खुद को क्वारंटीन कर लिया था। स्वास्थ्य विभाग ने महिला का सैंपल दोबारा जांच को भेजा। शनिवार को महिला की रिपोर्ट नेगेटिव आई तो सभी हैरान रह गए। निजी अस्पताल के चिकित्सक पुष्पेंद्र पंवार ने बताया कि मेडिकल से आई रिपोर्ट नेगेटिव है। हालांकि उन्होंने निजी लैब की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद खुद को क्वारंटीन कर लिया था। उन्होंने अब कोई सैंपल नहीं दिया है।