रोहटा। विकासखंड क्षेत्र के गांव हसनपुर रजापुर निवासी किसान ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कृषि भूमि के निकट अवैध रूप से नाला खोदकर रास्ता बाधित करने और सड़क पर पानी बहाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव हसनपुर रजापुर निवासी जाकिर ने शिकायत पत्र में बताया कि उसका खेत कैथवाड़ी बिजलीघर के समीप स्थित है। खेत के पास कुछ लोगों ने अवैध रूप से मकान बना रखे हैं। इन लोगों ने जेसीबी से खेत के किनारे नाला खोद दिया है, जिससे खेत तक आने-जाने का रास्ता प्रभावित हो गया है और खेती संबंधी कार्यों में परेशानी हो रही है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों को जिला पंचायत सदस्य का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाहन धुलाई के नाम पर पानी सड़क पर बहाया जा रहा है, जिससे राहगीरों को आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सर्किल अधिकारी सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।