संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर।
मेरठ-करनाल हाईवे पर रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत के मामले में मृतक के साले अजय कुमार ने आरोपी बस चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दे कि मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली कस्बे के मोहल्ला बालाजीपुरम निवासी जॉनी (45) पुत्र रामपाल रविवार सुबह स्कूटी से गंगाजल लेकर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने पुरामहादेव जा रहे थे। सलावा राइट रजबहे की पटरी से होते हुए वह मेरठ-करनाल हाईवे पर पहुंचे। इसी दौरान मेरठ की ओर से सवारियां लेकर शामली जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। बस की टक्कर लगते ही जॉनी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरो ने एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान जॉनी की मौत हो गई।
सोमवार को मृतक के साले अजय कुमार ने सरूरपुर थाने पहुंचकर आरोपी बस चालक के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने चालक पर लापरवाही से बस चलाकर जॉनी की स्कूटी में टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-