सरधना। नगर के मोहल्ला मंडी चमारान में कुछ आरोपियों द्वारा टायर व्यापारी से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने रंगदारी की रकम नहीं देने पर आरोपियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है और तहरीर देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ललित गुप्ता पुत्र जयप्रकाश निवासी मोहल्ला मंडी चमारान ने तहरीर में बताया कि मंडी के पास उसकी टायर की दुकान है। आरोप है कि कई दिन पहले छबड़िया निवासी एक युवक ने उन्हें रास्ते में रोककर पांच लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है। शनिवार सुबह कई आरोपी बाजार में मिलकर गाली गलौज करने लगे। साथ ही रंगदारी नहीं देने पर मारपीट की। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने चार आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। सीओ संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि दोनों पक्षों में काफी समय से विवाद होने का मामला जांच में सामने आया है। घटना की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।