संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। भाकियू के बैनर तले गांव ताजपुरा समसपुर के पीड़ित किसानों ने हाईटेंशन बिजली लाइन की चिंगारी से जली लगभग 70 बीघा गन्ने की फसल के संबंध में एसडीएम को ज्ञापन देकर जली फसल के मुआवजे की मांग की है।
पीड़ित किसानों ने भाकियू के बैनर तले उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई। किसानों का आरोप है कि खेतों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन के तार जर्जर हैं और बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिनकी समय पर मरम्मत न होने से यह हादसा हुआ। पीड़ितों में आजाद नागर, विपिन राणा, अनुज राणा, प्रेम सिंह, कालूराम नागर, ओमपाल, करणवीर, राजेंद्र, जसवीर और हरिओम सहित दर्जनों किसान शामिल हैं, जिन्हें भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी उदयवीर सिंह के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने पीड़ित परिवारों को तुरंत उचित मुआवजा दिलाने और जर्जर तारों व खंभों को बदलने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मुआवजा नहीं दिया गया और जर्जर तार नहीं बदले गए तो वह एकजुट होकर धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।