सरधना। ईकड़ी रोड पर निकासी नहीं होने के कारण पीर के सामने हुआ जलभराव। संवाद
कब्रिस्तान और पीर तक पहुंचना हुआ मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। ईकड़ी रोड स्थित कब्रिस्तान और पीर के सामने लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास की गलियों का पानी मुख्य मार्ग पर भर रहा है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दोपहिया वाहन चालक भी फिसलने के डर से सावधानी बरतने को मजबूर हैं। कब्रिस्तान और पीर पर आने-जाने वाले लोगों को भी कीचड़ और जलभराव से होकर गुजरना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं और परिजनों का कहना है कि धार्मिक स्थल तक पहुंचने में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
मोहल्लेवासी अतीक अहमद, जाहिद, दीपक, आबिद, अरशद, ललित, रिहान, जीशान आदि का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते निकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान हालात और खराब हो सकते हैं। क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने, नालियों की सफाई कराने और सड़क पर जमा गंदे पानी की निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और धार्मिक स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।