मेरठ गांव अब्दुलापुर में सोमवार को एक धार्मिक स्थल के सेवादार की विशेष संप्रदाय के युवक द्वारा भगवा दुपट्टे पर टिप्पणी किए जाने को लेकर मारपीट के बाद हुई मौत के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अब्दुलापुर के हण्डियां मोहल्ला निवासी 60 वर्षीय वृद्ध के साथ ग्लोबल सीटी के समीप सोमवार को गांव के ही विशेष संप्रदाय के युवक ने माथे पर तिलक व गले मे भगवा रंग के दुपट्टे को लेकर टिप्पणी की थी। जिसका विरोध करने पर उसके साथ युवक ने मारपीट कर दी। जिससे वृद्ध अंदरूनी चोट के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी लगने पर पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मेडिकल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी देहात थाने पहुंचे। वहीं सीओ सदर देहात ने मृतक के परिजनों से मिलकर कठौर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
भावनपुर थाना के अब्दुलापुर निवासी कांति प्रसाद (60) वर्षीय पुत्र रामस्वरूप पेशे से शिव मंदिर की दुकान में बच्चों की खाने-पीने की वस्तु बेचता था। वह शिव मंदिर मे सेवादार के रूप मे भी कार्यरत था। सोमवार को वह बिजली का बिल जमा करने के लिए गंगानगर विद्युत कार्यालय पर पहुंचा था।
जब वह वापस लौटा तो ग्लोबल सिटी के समीप गांव के ही अनस पुत्र निजाम ने कांति प्रसाद के गले मे पड़े भगवा दुपटटे व माथे पर तिलक को लेकर टिप्पणी कर दी, जिसका विरोध करने पर अनस ने उसके साथ मारपीट करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जिस पर थाना पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मेडिकल मे भेजते हुए तहरीर के आधार पर अनस के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं आाज सुबह वृद्ध सेवादार कांति प्रसाद की उपचार के दौरान मौत हो गई।
गांव मे संप्रदायिक तनाव
वृद्ध की मौत के बाद गांव मे सांप्रदायिक तनाव व्याप्त हो गया। गनीमत रही कि सीओ सदर देहात ने लोगों को समझाते हुए शांत कर दिया।
बिना पंचनामा के लौटे परिजन
मृतक के परिजनो के साथ ही गांव के कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि कांति प्रसाद की मौत की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस ने नाटकीय ढंग से आरोपी को आनन-फानन मे गिरफ्तार कर लिया जबकि पुलिस ने पूरी रात आरोपी को गिरफ्तार नही किया। जिस पर मृतक के परिजन मेडिकल से बिना पंचनामा भरवाए ही अपने घर वापस लौट गए।
एसपी देहात पहुंचे थाने
एसपी देहात थाना भावनपुर पहुंचे, जिसके तुरंत बाद सीओ सदर देहात ब्रिजेश सिंह, व गंगानगर, इंचौली सहित अन्य थानों की पुलिस अब्दुलापुर पहुंची और मृतक के परिवार के लोगों से मिलकर उचित कारवाई का आश्वान दिया। वहीं गांव के लोगों ने सीओ को अब्दुलापुर के हिस्ट्रीशीटर का खौफ गांव मे व्याप्त होने की जानकारी दी।
बताया कि हिस्ट्रीशीटर के इशारे पर ही विशेष संप्रदाय के युवक द्वारा अन्य समाज के लोगों के साथ मारपीट की जाती है। वहीं पीड़ित के परिवार पर भी फैसले को लेकर लगातार दबाव बनाया जाता है। वहीं सीओ ने मृतक के परिवार को एसडीएम राहत कोष से मिलने वाली राशि दिलाने का भी जल्द आश्वान दिया।
परिवार मे मचा कोहराम
बताया गया कि वृद्ध की मौत के बाद उसकी पत्नी मीना, बेटे आदेश व मुकेश बेटी रूचि का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं मृतक की पत्नी भी काफी समय से बीमार चल रही है, जिसकी हालत भी चिंता जनक बनी हुई है।
आरोपी को भेजा जेल
इस संबंध मे सीओ सदर देहात ब्रिजेश सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसे गंभीर धाराओं मे जेल भेज दिया गया है।