मेरठ के लालकुर्ती में बुधवार देर शाम गेट लगाने को लेकर सांप्रदायिक टकराव हो गया। सूचना मिलते ही कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की जानकारी ली। लाठी भांजते हुए भीड़ को मौके से खदेड़ा। दोनों पक्षों के कई लोगों को पुलिस हिरासत में ले लिया। देर रात क्षेत्र के स्थानीय लोगाें के हस्तक्षेप पर मामले में समझौता हो गया। हालांकि, सीओ ने एहतियात के तौर पर दोनों पक्षों को देर रात तक थाने में ही बिठाए रखा।
सांप्रदायिक टकराव की सूचना मिलते ही कई थानों के पुलिस बल के साथ ही सीओ कैंट हरिमोहन सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर जुटी भीड़ को समझाने का प्रयास किया। जब वह नहीं माने तो पुलिस ने लाठी फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को हिरासत में ले लिया और क्षेत्र में फोर्स तैनात कर दी।
समझौता कराने थाने पहुंचे व्यापारी
जामुन मोहल्ले में सांप्रदायिक टकराव की सूचना मिलते ही बसपा नेता सुनील वाधवा, क्षेत्रीय पार्षद पति अजमल कमाल समेत कई व्यापारी नेता थाने पहुंचे। उन्होंने दिल्ली के हालातों का हवाला देते हुए दोनों पक्षों को खूब खरी-खोटी सुनाई। लोगों का दबाव बढ़ते देख दोनों पक्ष गलती का एहसास करने लगे।
थाने में भी एक बार नोकझोंक का माहौल बना, लेकिन पुलिस ने चेतावनी देकर शांत करा दिया। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों पक्षों ने माफी मांगी और दोबारा विवाद न करने का भरोसा दिया। जिसके बाद समझौता हो गया। हालांकि, देर रात तक सीओ ने दोनों पक्षों को थाने में बैठाए रखा।
गेट लगाने को लेकर विवाद हुआ था। कई थानों की पुलिस मौके पर भेजकर स्थिति को संभाला। माफी मांगे जाने के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र पुलिस बल तैनात किया गया है। - एएन सिंह, एसपी सिटी