नलकूपों के भुगतान की जांच के लिए कमेटी गठित
मेरठ। बिना चले ही नलकूपों और टंकियों के संचालन व रखरखाव के लिए किए गए भुगतान मामले में नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया ने उच्च स्तरीय जांच कमेटी का गठन कर दिया है। जांच रिपोर्ट आते ही मामले में कार्रवाई की तैयारी है।
नगर निगम के जलकल विभाग ने बड़ा खेल कर दिया। एमडीए से हैंडओवर हुई 9 ट्यूबवेल और 5 टंकियों के संचालन व रखरखाव के लिए तीन महीने का करीब 11 लाख रुपये का भुगतान कर दिया, जबकि यह वर्षों से ठप पड़ी हैं। अमर उजाला ने शनिवार के अंक में ‘नलकूप चले नहीं और कर दिया 11 लाख रुपये का भुगतान’ शीर्षक से प्रकाशित कर मामले का खुलासा किया था। खबर छपते ही निगम में हड़कंप मच गया। नगर आयुक्त ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कमेटी गठित कर दी है। सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह और महाप्रबंधक जलकल रतनलाल को कमेटी का सदस्य बनाया गया है। नगर आयुक्त ने बताया कि मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। दोषी कर्मियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम तक करेंगे शिकायत
पूर्व पार्षद एवं संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले की शिकायत मुख्यमंत्री और जिला प्रभारी मंत्री से करेंगे। उन्हें जानकारी मिली है कि मामले को अंजाम देने वाले अधिकारी बचने के लिए बैक डेट से दस्तावेज दुरुस्त कराने में लगे हैं, लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।