सरधना। नगर में चार युवकों ने कॉलेज जा रही कक्षा 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सरूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कई युवक सरधना में कॉलेज जाते समय छात्रा के साथ छेड़छाड़ करते हैं। पीड़िता सरधना स्थित एक इंटर काॅलेज में कक्षा 11वीं की छात्रा है। कुछ दिन पहले से गांव कुशावली निवासी आरोपी, छात्रा का कई दिनों से पीछा कर छेड़छाड़ कर रहे थे। छात्रा ने विरोध किया तो आरोपियों ने छात्रा को सोशल मीडिया की आईडी देकर मेसेज करने का दबाव बनाया। इस मामले को लेकर छात्रा ने परिजनों को अवगत कराया।
परिजन छात्रा को लेकर सरधना थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। इसके बाद परिजनों व पुलिस ने छात्रा को समझाकर काॅलेज भेजा। आरोपी कॉलेज की छुट्टी होने से पहले ही वहां पहुंच गए। काॅलेज से बाहर निकलने पर आरोपी मनचले छात्रा के पीछे आने लगे तो परिजनों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस को बुला लिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद समेत चार आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर लिया।