पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। बृहस्पतिवार की सुबह तेज सर्द हवा चलने से मेरठ में ठंड का असर अन्य दिनों की तुलना में अधिक महसूस हुआ। पहाड़ों पर हुई हालिया बर्फबारी का सीधा प्रभाव मैदानी क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है, जिसके चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें:Meerut: फर्जी जीएसटी रजिस्ट्रेशन कर 37.88 लाख की टैक्स चोरी! सर्वश्री बालाजी ट्रेडर्स पर केस दर्ज
लगातार प्रदूषण की चपेट में रहे शहर वासियों को भी राहत मिली है। मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) जो पिछले कई दिनों से 300 से ऊपर था, वह गिरकर 162 पर दर्ज किया गया। हवा चलने के कारण प्रदूषित कण नीचे बैठ गए, जिससे सांस लेने में परेशानी कम हुई।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि पिछले दो दिनों में पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई है, जिसका असर अब मैदानी हिस्सों में तेज सर्द हवा के रूप में देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी दो-तीन दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, खासकर रात के तापमान में और गिरावट की संभावना है।