हारमनी इन में कैसीनो चलाने वालों को आज पेश होने के भेजे नोटिस
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी मेरठ। गढ़ रोड स्थित होटल हारमनी इन में कैसीनो पार्टी के मामले में पुलिस ने सोमवार को सभी आरोपियों को बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया है। आरोपियों को नोटिस भेजे गए हैं। बयानों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। होटल हारमनी इन में भाजपा के पूर्व महानगर कोषाध्यक्ष नवीन अरोड़ा, राजेश मिगलानी, राजेश जुनेजा, अशोक तनेजा और अमित चांदना की साझेदारी है। पुलिस ने नवीन अरोड़ा, राजीव गुलाटी, राजकुमार, राकेश, संजय अरोड़ा, मोहित, देवेंद्र पाल सेठी और गौरव कंसल को गिरफ्तार किया था। जबकि राजेश मिगलानी, राजेश जुनेजा, अशोक तनेजा, अमित चांदना, रजत सिंह, हिमांशु, मैनेजर आदिल खान फरार हो गए थे।
विज्ञापन
कार्रवाई के बाद पुलिस ने जानकारी दी थी कि होटल में काफी दिनों से कैसीनो संचालित किया जा रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि कैसीनो से होने वाली कमाई का आधा हिस्सा होटल मालिकों की जेब में जाता था। शेष आयोजकों के पास जाता था। पुलिस ने मौके से डेढ़ करोड़ रुपये के काॅइन, करीब एक लाख की नकदी बरामद की थी। 15 लोगों के खिलाफ नौचंदी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई थी। विवेचना कर रहे सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि सभी आरोपियों के बयान दर्ज करने के लिए सोमवार को बुलाया गया है। इनके बयानों को दर्ज किया जाएगा। जिसके बाद केस डायरी में बयान शामिल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कैसीनो नाइट यहां कब से चल रही थी, यह विवेचना का हिस्सा है। इन सब बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मॉडल को कहां-कहां से बुलाया गया था, इसकी भी जांच की जा रही है। इसके अलावा इनके होटल के बार और अवैध निर्माण की जांच भी अन्य विभाग कर रहे हैं। उनकी रिपोर्ट को भी केस डायरी में शामिल किया जाएगा। हारमनी इन के पुराने मालिक द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे की भी जांच की जा रही है।
नहीं हुई हैलोवीन बैश पार्टी शनिवार को होटल हारमनी इन में हैलोवीन बैश पार्टी का आयोजन होना था। इसके लिए सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी प्रचार किया गया था। लेकिन पुलिस की सख्ती के कारण यह पार्टी आयोजित नहीं की गई। पुलिस ने रातभर निगरानी की। इंटेलीजेंस की टीम भी होटल पर नजर बनाए रही। दीपावली के बाद बैंक खातों की जांच की जाएगी।
होटल मालिकों के खिलाफ पूरी विवेचना सीओ सिविल लाइन के द्वारा की जा रही है। सभी को बयानों के लिए बुलाया गया है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज भी आरोपियों को दिखाई जाएगी। सभी बिंदुओं पर विवेचना जारी है।