संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। कस्बे के मोहल्ला मुन्नालाल निवासी मुन्ना ने बीमारी के कारण उधारी न चुका पाने पर कुछ लोगों द्वारा अपनी ही क्लीनिक पर न बैठने देने, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
मोहल्ला मुन्नालाल निवासी मुन्ना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका फलावदा रोड स्थित नाले पर मोहल्ला चांदमल के पास एक्युप्रेशर क्लीनिक है। कुछ समय पहले उसकी तबीयत अचानक अत्यधिक खराब हो गई थी। बीमारी के दौरान उसने कुछ लोगों से पैसे उधार लिए थे। कारोबार बंद रहने के कारण वह समय पर उनके पैसे अदा नहीं कर सका।
पीड़ित का कहना है कि अब तबीयत ठीक होने पर उसने अपने क्लीनिक पर बैठना शुरू किया तो उक्त लोग उसे बैठने नहीं दे रहे हैं। आरोपी उसके साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार करते हैं और तरह-तरह की धमकियां देते हैं। पीड़ित ने उनसे आग्रह भी किया कि उसे क्लीनिक चलाकर धीरे-धीरे पैसे चुकाने का समय दिया जाए। पीड़ित ने थाना प्रभारी से हस्तक्षेप कर क्लीनिक पर काम शुरू कराने और उधार चुकाने के लिए समय दिलाने की मांग की है। क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया है।