माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शिक्षा सेतु सेवा मिशन की ओर से रविवार को शास्त्रीनगर स्थित टैगोर पार्क में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम किया गया। इसमें स्वच्छता दूतों को सम्मानित किया गया। संस्था संरक्षक नवीन चंद्र अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य कचरा प्रबंधन के तहत बेकार वस्तुओं का रीयूज, रिड्यूस और रीसाइकिल करना सिखाना था। ऑन द स्पॉट प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रद्दी कागज और कबाड़ से बास्केट, गुड़िया, फोटो फ्रेम, फूल और टेडी बियर जैसी सुंदर एवं उपयोगी वस्तुएं तैयार कीं।
निर्णायक मंडल में बीबी शर्मा और गार्गी श्रीवास्तव ने निधि, संध्या, सोनाक्षी, लकी, परिधि, राहुल और हिमांशी को विजेता घोषित किया। नगर निगम के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह ने विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं 11 हजार रुपये के पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बीएसएनएल के विधि अधिकारी अंकित श्रीवास्तव जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. संजय माथुर, योग गुरु मुकेश कुमार और रानी माला रहे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 21 प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। शिक्षा सेतु सेवा मिशन ने घोषणा की कि अगली प्रतियोगिता योग विषय पर आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर एसके वर्मा, अरुण शर्मा, विपिन कुमार, संजीव खन्ना, अनुपमा वर्मा, दीपशिखा, मोना, शशि प्रभा अग्रवाल और अलका रानी सहित अन्य मौजूद रहे।