गांव पचगांव पट्टी में नाला निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद के चलते पहुंची थी टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भावनपुर थाना के गांव पचगांव पट्टी अमर सिंह निवासी अभिषेक तोमर और अंश तोमर ने मुख्य मार्ग पर नाला बनाने को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत पर रविवार को नाला नायब तहसीलदार सतीश कुमार अपनी टीम और पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे तो टीम के सामने ही नाला बनाने को लेकर अभिषेक और अंश और दूसरे पक्ष के रिंकू, मोहित, सचिन, कपिल, और विनित के बीच मारपीट और पथराव हो गया। मारपीट में दोनों पक्षों से तीन लोग अभिषेक, अंश और अमित तोमर घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार गांव पचगांव पट्टी अमर सिंह में मुख्य मार्ग पर नाला बनाया जा रहा है। नाला निर्माण को लेकर गांव निवासी रिंकू, मोहित, सचिन, कपिल व विनीत विरोध कर रहे है, जबकि दूसरा पक्ष अभिषेक तोमर व अंश नाला बनने का पक्ष ले रहे है। नाला निर्माण के विरोध को लेकर रविवार को नायब तहसीलदार सतीश कुमार, कानूनगो प्रह्लाद सिंह व पटवारी सुनील कुमार भावनपुर पुलिस के साथ जांच के लिए आए थे। इसी बीच दोनों पक्षों में कहासुनी के चलते मारपीट हो गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने ही दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। पथराव में अंश व अभिषेक घायल हो गया। दूसरे पक्ष से विकलांग अमित तोमर घायल हो गया। थाना प्रभारी जोगेंद्र कुमार का कहना है कि नाला बनने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई थी। घायलों को उपचार कराया गया है। घायल अंश की तहरीर मिली है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।